Orange hindi lohardaga live

चैतन्य नारायण तिवारी का झारखंड अंडर-19 वनडे टीम में चयन

By Team orangehindi

Sport
चैतन्य नारायण तिवारी का झारखंड अंडर-19 वनडे टीम में चयन

वीनू मांकड़ ट्रॉफी में दिखाएंगे दमखम, अभिषेक लहरी भी 20 सदस्यीय कैंप में शामिल

लोहरदगा। जिले के युवा क्रिकेटर चैतन्य नारायण तिवारी का चयन बीसीसीआई की वीनू मांकड़ ट्रॉफी अंडर-19 वनडे प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम में हुआ है। इस सत्र में वह झारखंड अंडर-19 वनडे टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। झारखंड के मुकाबले आंध्र प्रदेश में खेले जाएंगे। चैतन्य के चयन की खबर से जिले के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी है।

कुटुमू निवासी चैतन्य इससे पहले झारखंड अंडर-16 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पिछले वर्ष उन्हें झारखंड अंडर-19 टीम में भी खेलने का अवसर मिला था। राज्य स्तरीय क्रिकेट में लगातार बेहतर प्रदर्शन के बल पर उन्होंने इस बार अंडर-19 वनडे टीम में अपनी जगह बनाई है।

चैतन्य के पिता एलएन तिवारी चुन्नीलाल स्कूल में शिक्षक हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा त्रिवेणी स्कूल, लोहरदगा से प्राप्त की है। उनके चयन को जिले के क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

लोहरदगा के एक और युवा क्रिकेटर अभिषेक लहरी झारखंड अंडर-19 के 20 सदस्यीय कैंप में शामिल रहे हैं। फिलहाल चैतन्य का चयन वनडे टीम में हुआ है, जबकि अभिषेक के आगामी मुकाबलों में टीम में जगह बनाने की उम्मीद बनी हुई है।

चैतन्य के चयन पर लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू, कार्यकारिणी अध्यक्ष भास्कर दास गुप्ता, सचिव आलोक राय सहित पदाधिकारियों ने बधाई दी। पूर्व रणजी क्रिकेटर आशीष कुमार, जयजीत चौबे, अजातशत्रु, दुर्गा प्रजापति, अभय वर्मा और जीतेन्द्र सहित वरिष्ठ खिलाड़ियों ने भी शुभकामनाएं दीं।

कोच अमित कुमार ने कहा कि चैतन्य का चयन उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चैतन्य आगामी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।

और पढ़ें