सांसद सुखदेव भगत से चैंबर्स प्रेसिडेंट सुबीर पॉल ने की शिष्टाचार भेंट, उद्यमिता और रोजगार पर चर्चा
By Team orange hindi

लोहरदगा। झारखंड इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स फॉर एससी, एसटी एंड वूमेन एंटरप्रेन्योर्स, नई दिल्ली के नेशनल प्रेसिडेंट सुबीर पॉल ने लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान अनुसूचित जाति, जनजाति एवं महिला उद्यमियों के आर्थिक सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और उद्यमिता को बढ़ावा देने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
सुबीर पॉल ने कहा कि ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में प्रतिभाओं और उद्यमिता की अपार संभावनाएं हैं। उचित प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग, बाजार उपलब्धता और सरकारी योजनाओं की जानकारी के माध्यम से युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा सकता है।
सांसद सुखदेव भगत ने उद्यमिता के माध्यम से वंचित एवं ग्रामीण वर्गों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयासों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संस्थागत सहयोग और प्रभावी पहल जरूरी है।
बैठक में कौशल विकास, प्रशिक्षण, सरकारी योजनाओं तक पहुंच, वित्तीय संस्थानों से समन्वय तथा स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों पक्षों ने क्षेत्र में रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।