लोहानजारा फुटबॉल टूर्नामेंट में चांपी बना चैंपियन, पोढ़ा को 2-0 से हराया
By Team orange hindi


लोहरदगा। लोहानजारा गांव में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का रोमांचक फाइनल मुकाबला चांपी और पोढ़ा के बीच खेला गया। शानदार प्रदर्शन करते हुए चांपी की टीम ने पोढ़ा को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत रहे। आयोजन समिति ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। सांसद ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और विजेता व उपविजेता टीम को सम्मानित किया।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि खेल अनुशासन, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि लोहरदगा संसदीय क्षेत्र के गांवों से प्रतिभावान खिलाड़ी आगे आएं और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करें। उन्होंने युवाओं से खेलों से जुड़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।
मौके पर प्रमुख मीना देवी सहित जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य, सैकड़ों ग्रामीण, युवा एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।