लोहरदगा में ठंड बढ़ने पर निजी विद्यालयों के समय में बदलाव
By Team Lohardaga live

विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब सुबह 9 बजे से शुरू होंगी कक्षाएँ
लोहरदगा। जिले में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव की आशंका बढ़ गई है। इसी को देखते हुए वर्तमान शैक्षणिक सत्र में निजी विद्यालयों के प्रातःकालीन संचालन समय में परिवर्तन किया जाना आवश्यक समझा गया है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, जिले के सभी निजी विद्यालयों को आदेशित किया जाता है कि पत्र निर्गत होने की तिथि से अगले आदेश तक विद्यालय का संचालन प्रातः 9:00 बजे से प्रारंभ किया जाएगा। किसी भी परिस्थिति में सुबह 9:00 बजे से पूर्व कक्षाओं का संचालन या विद्यार्थियों की उपस्थिति अनिवार्य नहीं की जाएगी।
विद्यालयों को यह भी निर्देश दिया गया है कि समय-सारणी, परिवहन व्यवस्था, प्रातः सभा तथा अन्य गतिविधियों को नए समय के अनुरूप समायोजित करें। अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को सूचना पुस्तिका, विद्यालय नोटिस बोर्ड तथा अन्य उपयुक्त माध्यमों के जरिए इस बदलाव की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
निर्देशों की अवहेलना की स्थिति में संबंधित विद्यालय प्रबंधन तथा प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक उत्तरदायी होंगे और उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
यह आदेश जिला शिक्षा पदाधिकारी, लोहरदगा द्वारा दिनांक 10 दिसंबर 2025 को जारी किया गया।
