Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में छठ महापर्व की धूम, सीठियो छठ घाट श्रद्धालुओं से गुलजार

By Team Lohardaga live

Culture
सीठियो छठ घाट
घाट में पूजा अर्चना करतीं छठव्रती

लोहरदगा। जिले में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखा जा रहा है। आज छठ महापर्व का दूसरा दिन (खरना) है, और छठव्रती सुबह से ही खरना प्रसाद की तैयारी में जुटी हैं।

जिले के सबसे बड़े सीठियो छठ घाट में सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालु सुबह से ही घाट पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और घाट जगाने की परंपरा निभा रहे हैं। छठ घाट को आकर्षक रूप देने के लिए भगवान सूर्य का भव्य पंडाल बनाया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

हर वर्ष की तरह इस बार भी सीठियो छठ घाट पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। दूर-दूर से लोग भगवान भास्कर की आराधना के लिए यहाँ पहुँच रहे हैं। श्रद्धालु अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए छठी मइया की उपासना कर रहे हैं।

छठव्रती स्वाति सिंह ने बताया कि वे पिछले तीन वर्षों से इस पवित्र पर्व को कर रही हैं। उनके अनुसार, छठी मइया उनकी मनोकामनाएँ पूरी करती हैं और इस व्रत से उन्हें मानसिक शक्ति और आत्मविश्वास मिलता है।

वहीं पूजा समिति के नागेंद्र प्रजापति ने बताया कि छठ घाट की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन और समिति द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क पूजा सामग्री का वितरण किया जाएगा ताकि किसी को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि सीठियो छठ घाट पूरी तरह से भक्तिमय वातावरण में तैयार है और श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तत्पर है।

लोहरदगा का सीठियो छठ घाट भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बन गया है, जहाँ सूर्योपासना के इस पावन पर्व पर हर दिल जय छठी मइया के जयघोष से गूंज रहा है।