Orange hindi lohardaga live

नहाए-खाय के साथ छठ महापर्व का हुआ शुभारंभ

By Teem Lohardaga live

Culture
पूजा अर्चना करते छठब्रती

28 वर्षों से पूर्व डिप्टी चेयरमैन बलराम साहू निभा रहे हैं छठ की परंपरा

लोहरदगा। लोक आस्था का महापर्व छठ आज नहाए-खाए की विधि के साथ पूरे क्षेत्र में भक्ति, उल्लास और श्रद्धा के माहौल में आरंभ हो गया। प्रातःकाल से ही छठ व्रतियों ने पवित्र घाटों पर स्नान कर सूर्य देव की आराधना की और जिलावासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

समाजसेवी एवं पूर्व डिप्टी चेयरमैन बलराम साहू, जो पिछले 28 वर्षों से निरंतर छठ व्रत कर रहे हैं, ने कहा कि छठ पर्व सूर्य देव की उपासना का पर्व है। सूर्य की आराधना से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा आती है, रोग-दोष दूर होते हैं और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि पर्व की पवित्रता बनाए रखने के लिए स्वच्छता और अनुशासन का विशेष ध्यान रखें।

बलराम साहू ने कहा कि छठ पर्व समाज में एकता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है। व्रती महिलाओं ने परंपरागत प्रसाद के रूप में कद्दू-भात, चने की दाल और अरवा चावल तैयार किया। घाटों की सफाई और सजावट के लिए स्थानीय लोगों और स्वयंसेवी संगठनों ने मिलकर अभियान चलाया। नगर प्रशासन की ओर से सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

छठ के अवसर पर पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो उठा है। हर ओर छठ माता की जय और “सूर्य देव की जय” के जयकारों से गूंज रहा है। महिलाओं द्वारा छठी मैया के गीतों और भजनों से माहौल और भी पावन बन गया है।

आगामी दिनों में खरना, संध्या अर्घ्य और प्रातः अर्घ्य की विधियों के साथ छठ महापर्व की अगली कड़ियाँ संपन्न होंगी। सूर्य उपासना और पवित्रता का यह पर्व आज भी आस्था, विश्वास और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बना हुआ है।