दिल्ली में सुखदेव भगत के आवास पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस की बैठक, सुप्रीम कोर्ट मार्च की बनी रणनीति
By Team orangehindi

वोट के अधिकार और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प, शांतिपूर्ण प्रदर्शन के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और एसआईआर पर रोक की उठेगी मांग
लोहरदगा। लोहरदगा के सांसद एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सुखदेव भगत के नई दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर सोमवार सुबह छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। बैठक में 12 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन की ओर से जंतर-मंतर से सुप्रीम कोर्ट तक प्रस्तावित महाप्रदर्शन को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री, सह-प्रभारी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि यह प्रदर्शन किसी एक राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति के समक्ष अपनी मांगें रखी हैं। अब सुप्रीम कोर्ट के समक्ष भी अपनी बात रखने की तैयारी है। उन्होंने वोट चोरी के आरोपों के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की बात कही।
बैठक में छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचने की जानकारी दी गई। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने लोकतांत्रिक लड़ाई में एकजुटता के साथ भागीदारी का भरोसा जताया।
प्रदर्शन को शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से आयोजित करने पर सहमति बनी। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, एसआईआर प्रक्रिया पर रोक लगाने और कथित वोट चोरी पर अंकुश लगाने की मांग उठाने की बात कही।