Orange hindi lohardaga live

सत्यप्रकाश को छोटानागपुरिया तेली उत्थान समाज ने किया सम्मानित

By Team Lohardaga live

achievement
सत्यप्रकाश को बधाई देते समाज के पदाधिकारीगण

लोहरदगा। बॉक्साइट की नगरी लोहरदगा न केवल खनिज संपदा में समृद्ध है, बल्कि यह कला, संस्कृति और प्रतिभा की धरती भी है। इसी धरती के होनहार पुत्र सत्यप्रकाश साहू ने अपनी लगन और प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर लोहरदगा का नाम रौशन किया है।

रिटायर्ड फौजी डॉ. टी. साहू के पुत्र सत्यप्रकाश ने छोटी उम्र से ही अपनी मेधा और कला का परिचय दिया। प्रारंभिक शिक्षा दिल्ली एरिया पब्लिक स्कूल, धौला कुआं (दिल्ली) से प्राप्त करने के बाद उन्होंने आर्मी पब्लिक स्कूल, पुणे और एम.बी. डीएवी पब्लिक स्कूल, लोहरदगा से मैट्रिक की पढ़ाई पूरी की। इसके पश्चात डीपीएस रांची से इंटरमीडिएट और किट्स भुवनेश्वर से कंप्यूटर साइंस में स्नातक की उपाधि हासिल की।

पढ़ाई के साथ-साथ सत्यप्रकाश की रुचि नाट्य और अभिनय कला में रही। इसी जुनून ने उन्हें आईआईटी खड़गपुर में आयोजित राष्ट्रीय नाट्य प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार दिलाया। इसके बाद उन्होंने हैदराबाद में दो वर्षों तक कंप्यूटर इंजीनियर के रूप में कार्य किया, लेकिन मन में बसी अभिनय की लगन ने उन्हें फिल्म नगरी मुंबई की ओर खींच लिया।

मुंबई पहुंचकर सत्यप्रकाश ने अपने दम पर अभिनय जगत में पहचान बनाई। लोकप्रिय वेब सीरीज़ पंचायत और फिल्म ग्राउंड ज़ीरो में अभिनेता इमरान हाशमी के साथ उनके शानदार अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा। हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई बहुचर्चित वेब सीरीज़ द बैड्स ऑफ बॉलीवुड में भी उनके प्रदर्शन ने दर्शकों का दिल जीत लिया।

उनकी इस सफलता पर छोटानागपुरिया तेली उत्थान समाज द्वारा तेली धर्मशाला में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. शिवदयाल साहू ने की। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारी और प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

समारोह में सत्यप्रकाश साहू और उनके पिता डॉ. टी. साहू को पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में प्रो. शिवदयाल साहू ने कहा कि बॉक्साइट नगरी लोहरदगा से निकलकर सत्यप्रकाश ने फिल्मी दुनिया में जो पहचान बनाई है, वह पूरे समाज और जिले के लिए गौरव की बात है।

समाज के वरिष्ठ सदस्य अजय पंकज ने कहा कि सत्यप्रकाश की उपलब्धि हम सभी के लिए प्रेरणा है। मनोज साहू ने कहा कि हर बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे अभिभावकों को पहचानकर उसे प्रोत्साहित करना चाहिए, न कि अपने सपनों का बोझ उन पर डालना चाहिए। अनिता साहू ने कहा कि बच्चों को अपने सपनों के साथ उड़ने की आज़ादी मिलनी चाहिए।

कार्यक्रम में लखपति साहू, सोहन साहू, सत्यनारायण साहू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

संचालन पूर्व जिला अध्यक्ष कैलाश साहू ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन पूर्व महासचिव बलराम साहू ने प्रस्तुत किया।

समाज के सभी सदस्यों ने सत्यप्रकाश को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।