भारत स्काउट गाइड के बच्चे करेंगे लखनऊ में बेहतर प्रदर्शन : डॉ. रामेश्वर उरांव
By Teem Lohardaga live

लोहरदगा। भारत स्काउट और गाइड की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी ग्रैंड फाइनल डायमंड जुबली का आयोजन 23 से 29 नवंबर तक लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड, सेक्टर 15 वृंदावन योजना में किया जाएगा। इस विशेष जंबूरी का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा समापन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी।
कार्यक्रम को लेकर लोहरदगा जिले से सह सचिव मुमताज अहमद के नेतृत्व में 46 स्काउट और गाइड 21 नवंबर को ट्रेन से लखनऊ रवाना होंगे। जिले की टीम स्किलोरामा, परेड, साहसिक प्रदर्शन, प्रदर्शनी, पायोनियरिंग प्रोजेक्ट, फूड्स, ग्रैंड कैंप फायर और सांस्कृतिक कार्यक्रम समेत विभिन्न गतिविधियों में भाग लेगी।
पूर्व मंत्री सह विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने स्काउट और गाइड के बच्चों को झारखंडी संस्कृति के प्रदर्शन हेतु एक मांदर और सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं भी दीं।
उर्सलाइन कॉन्वेंट बालिका उच्च विद्यालय परिसर में जंबूरी की तैयारी कर रहे बच्चों से मिलने एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा पहुंचीं। उन्होंने बच्चों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वयं भी स्काउट और गाइड का हिस्सा रह चुकी हैं। गाइडिंग ने उनके जीवन में अनुशासन का संचार किया, जो पुलिस सेवा तक पहुंचने में सहायक रहा।
उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यक्रम को प्रस्तुत करते समय सकारात्मक बॉडी लैंग्वेज और एकाग्रता अत्यंत आवश्यक है। बच्चों को अपने कौशल पर विश्वास रखते हुए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की सलाह दी।
लोहरदगा के उर्सलाइन कॉन्वेंट बालिका उच्च विद्यालय और लूथरन उच्च विद्यालय के स्काउट और गाइड इस राष्ट्रीय जंबूरी में हिस्सा ले रहे हैं।
इसे लेकर पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, उपायुक्त डॉ. ताराचंद, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, डीडीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, डालसा सचिव राजेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चन्द्रमौलेश्वर, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार, शिक्षिका प्रशिक्षण महाविद्यालय की प्राचार्या सिस्टर डॉ. शीला, सिस्टर असरिता कंडूलना, उषा कालेन, मिंज सचिव शैलेन्द्र कुमार सुमन, जिला संगठन आयुक्त गौतम लेनिन, गाइडर पुष्पा बाखला, सरोज तिर्की व संध्या कुजूर सहित कई पदाधिकारियों ने टीम को शुभकामनाएं दीं।
