Orange hindi lohardaga live

बच्चों की राखियां पहुंचेंगी सीमा पर तैनात जवानों तक

By Team orange hindi

General
बच्चों की राखियां पहुंचेंगी सीमा पर तैनात जवानों तक

‘एक राखी जवानों के नाम’ अभियान के तहत नवाड़ी पाड़ा स्कूल में राखी निर्माण प्रतियोगिता

बच्चों की राखियां पहुंचेंगी सीमा पर तैनात जवानों तक

लोहरदगा। स्वतंत्रता दिवस एवं रक्षाबंधन के अवसर पर भारतीय डाक विभाग, लोहरदगा मंडल की ओर से चलाए जा रहे ‘एक राखी जवानों के नाम’ अभियान के तहत पीएम श्री राजकीयकृत मध्य विद्यालय, नवाड़ी पाड़ा में राखी निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण राम ने की। मुख्य अतिथि पोस्टल इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने कहा कि सीमा पर तैनात जवान रक्षाबंधन पर भी अपने परिवार से दूर रहकर देश की रक्षा करते हैं। बच्चों के हाथों से बनी राखियां उनके प्रति देशवासियों के सम्मान और स्नेह का संदेश देंगी। उन्होंने बच्चों को डाक सेवाओं और पत्र लेखन के महत्व की जानकारी भी दी।

प्रधानाध्यापक अरुण राम ने कहा कि बच्चों द्वारा बनाई गई राखियां जवानों तक पहुंचना विद्यालय के लिए गर्व की बात है। इससे बच्चों में रचनात्मकता के साथ राष्ट्रप्रेम और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना भी मजबूत होगी।

प्रतियोगिता में कक्षा पहली से आठवीं तक के 120 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। बच्चों ने कागज, कपास, रेशमी धागों और अन्य पर्यावरण-अनुकूल सामग्री से आकर्षक राखियां बनाईं। बेहतर राखी बनाने वाले आंचल कुमारी, आरती कुमारी और ओजस अविनाश को पुरस्कृत किया गया।

डाक विभाग के अनुसार चयनित राखियों को विधिवत पार्सल के माध्यम से जम्मू-कश्मीर में तैनात भारतीय सेना के जवानों तक भेजा जाएगा।

मौके पर पोस्टल असिस्टेंट निकेत भगत, गगन कुमार, सुमित राय सहित विद्यालय के शिक्षक, माता समिति के सदस्य और अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

और पढ़ें