भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों के लिए आगे आए नागरिक, 500 से अधिक मिट्टी के सिकोरे व दाना वितरित
By Team Lohardaga live

साइंस फॉर सोसाइटी और बर्म्मन हाईवे पेट्रोल पंप की संयुक्त पहल, लोगों से जल-अन्न की व्यवस्था करने की अपील

लोहरदगा: जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तपिश से जहां आमजन परेशान हैं, वहीं पशु-पक्षियों का जीवन भी संकट में पड़ गया है। छोटे-छोटे जलाशयों के सूख जाने से गौरैया, चिड़िया, कबूतर सहित अन्य पक्षी दाना-पानी की तलाश में भटक रहे हैं। कई पक्षी पानी और भोजन के अभाव में दम तोड़ने को मजबूर हैं।
इसी मानवीय संवेदना को ध्यान में रखते हुए साइंस फॉर सोसाइटी एवं बर्म्मन हाईवे पेट्रोल पंप के संयुक्त प्रयास से बीएस कॉलेज के निकट जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान चिकित्सक, शिक्षाविद, खिलाड़ी, अधिवक्ता एवं अन्य प्रबुद्ध नागरिकों ने टू व्हीलर, फोर व्हीलर, ऑटो, साइकिल सवारों, यात्रियों और राहगीरों के बीच प्रतीकात्मक रूप से 500 से अधिक मिट्टी के सिकोरे तथा चावल-गेहूं के दाने से भरे कागज के पाउच वितरित किए।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे अपने घरों, गांवों और मोहल्लों में पशु-पक्षियों के लिए प्रतिदिन जल और अन्न की व्यवस्था करें।
मौके पर साइंस फॉर सोसाइटी सह आईएमए के अध्यक्ष डॉ. गणेश प्रसाद एवं शिक्षाविद मदन मोहन पांडेय ने कहा कि थोड़े से प्रयास से हम बेजुबान पशु-पक्षियों की जान बचा सकते हैं। वहीं डॉ. आइलिन और झारखंड प्रदूषण नियंत्रण परिषद के पूर्व सदस्य ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि जीव-जंतुओं की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
सोसाइटी के एडवाइजरी सदस्य एवं पर्यावरण प्रेमी संजय बर्म्मन तथा रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव अरुण राम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और संतुलन बनाए रखने में पशु-पक्षियों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि बेजुबान जीवों को जल और अन्न देना पुण्य का कार्य है। पेड़ों की कटाई, पॉलीथीन का अत्यधिक उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की उदासीनता के कारण मौसम प्रतिकूल होता जा रहा है, जिसके लिए आम लोग भी जिम्मेदार हैं।
अधिवक्ता अनिल पांडेय, देवाशीष कार और सामाजिक कार्यकर्ता मोहन दुबे ने लोगों से अपील की कि वे अपने मकान और प्रतिष्ठानों के बाहर छायादार स्थानों पर बाल्टी, नाद या बर्तन में पानी रखें ताकि घुमंतू पशुओं को राहत मिल सके।
महिला कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. स्नेह कुमार एवं क्रिकेट कोच अमित कुमार “गुड्डू” ने बताया कि पिछले दस वर्षों से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है और अब इसे गली-मोहल्लों तक विस्तारित किया जाएगा।
इस अभियान में अवकाश प्राप्त शिक्षक चंद्र किशोर प्रसाद, प्रकाश कांस्यकार, शिक्षक अनुप एक्का, कंवलजीत सिंह, निशांत चौधरी, रवि रोशन बेक, धर्मेन्द्र प्रसाद सोनी, देशराज गोयल, क्रिकेटर प्रिंस उरांव, मधुकुमारी, मो. अब्दुला, आस्रित भगत, उज्जवल पांडेय, बिभु महतो, आशीष, आरुष, देव सहित कई लोग शामिल रहे।
