Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में दो समुदायों के बीच झड़प, आधा दर्जन से अधिक घायल

By Team Lohardaga live

General
मौके पर पहुंचे एसपी व अन्य अधिकारी

प्रतिमा विसर्जन से पूर्व भ्रमण के दौरान विवाद के बाद बढ़ा तनाव, स्थिति नियंत्रण में

लोहरदगा। जिले के एक गांव में सरस्वती पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन से पूर्व प्रतिमा भ्रमण के दौरान हुए विवाद के बाद दो समुदायों के बीच झड़प की घटना सामने आई है। इस घटना में दोनों पक्षों से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घायलों को कुडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सदर अस्पताल लोहरदगा में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम गांव में मां सरस्वती की प्रतिमा को गाड़ी पर रखकर भ्रमण किया जा रहा था। इसी दौरान गाड़ी कथित रूप से एक व्यक्ति के घर से हल्के रूप में टकरा गई। इस बात को लेकर मौके पर विवाद उत्पन्न हुआ और गाड़ी चला रहे व्यक्ति के साथ मारपीट की गई। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से उस समय मामला शांत करा दिया गया था।

हालांकि, रविवार सुबह इस विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया और दोनों समुदायों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान कुछ घरों में तोड़फोड़ और मारपीट की घटनाएं भी सामने आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही लोहरदगा पुलिस हरकत में आई।

लोहरदगा पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, डीएसपी समीर तिर्की सहित अन्य वरीय अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।