स्वच्छ घाट, सुरक्षित छठ : जब पुलिस बनी प्रेरणा का स्रोत
By Team Lohardaga live


लोहरदगा। छठ महापर्व की तैयारियों में जहां एक ओर श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ने वाला है, वहीं दूसरी ओर लोहरदगा पुलिस प्रशासन ने एक कदम आगे बढ़ते हुए स्वच्छता और सुरक्षा दोनों मोर्चों पर ज़िम्मेदारी की मिसाल पेश की है।
राम मंदिर तालाब, बड़ा तालाब और ठकुराईन तालाब जैसे प्रमुख छठ घाटों पर खुद एसपी सादिक अनवर रिजवी, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा और अन्य अधिकारी झाड़ू लेकर उतरे और घाटों की सफाई कर उदाहरण पेश किया। पुलिस बल के जवानों के साथ मिलकर अधिकारियों ने प्लास्टिक, कूड़ा और मलबा हटाया ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
मौके पर छठ महापर्व केवल पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि छठ केवल आस्था नहीं, समाज में अनुशासन और स्वच्छता का संदेश भी देता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि घाटों को स्वच्छ बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। प्लास्टिक का उपयोग न करने और घाटों को साफ रखने की अपील की गई।
सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम
आने वाले दिनों में सभी घाटों पर विशेष सुरक्षा बल, महिला पुलिस, गोताखोर, बैरिकेडिंग, रोशनी और मेडिकल सुविधा तैनात की जाएगी। पुलिस की यह सक्रियता श्रद्धालुओं को न केवल सुरक्षित वातावरण देगी, बल्कि त्योहार को शांतिपूर्वक मनाने का अवसर भी।
एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने कहा कि हमारी कोशिश है कि इस साल लोहरदगा के सभी घाट स्वच्छ छठ घाट’ के रूप में जाने जाएं। ये सफाई अभियान लगातार जारी रहेगा।
स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन पुलिस के इस प्रयास से अभिभूत हैं और इस ‘स्वच्छता सेवा’ में सहयोग करने का संकल्प ले रहे हैं।
