लोहरदगा पुलिस का स्वच्छता और सुरक्षा अभियान जारी, घाटों पर चलाया गया सफाई अभियान
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। लोकआस्था का महापर्व छठ को लेकर लोहरदगा पुलिस द्वारा आज दूसरे दिन भी शहर के प्रमुख नदियों एवं घाटों पर व्यापक स्वच्छता और सुरक्षा अभियान चलाया गया। आज का स्वच्छता अभियान सिठियों नदी घाट और पुल के आसपास केंद्रित रहा, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने भाग लिया। इस दौरान घाट और पुल के आसपास जमा कचरे, प्लास्टिक और मलबे को हटाया गया ताकि छठ पर्व के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। पुलिस अधीक्षक श्री सादिक अनवर रिजवी ने इस अवसर पर आम जनता से अपील की कि छठ महापर्व को आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि छठ केवल आस्था और सूर्य उपासना का पर्व नहीं है बल्कि यह समाज में एकता, स्वच्छता और अनुशासन का संदेश देने वाला पर्व है। स्वच्छता अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किस्को वेदांत शंकर, पुलिस उपाधीक्षक लोहरदगा समीर तिर्की, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लोहरदगा श्रद्धा केरकेट्टा, सार्जेंट मेजर शेरु कुमार रंजन, सार्जेंट विवेक कुमार, सार्जेंट मुकेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। लोहरदगा पुलिस ने बताया कि आगामी छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और स्वच्छता को लेकर लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के श्रद्धा और विश्वास के साथ पर्व मना सकें।
