आरसेटी लोहरदगा में स्वच्छता अभियान, सभी ने लिया स्वच्छता का संकल्प
By Team orangehindi

गांधी-शास्त्री जयंती पर परिसर और आसपास चलाया गया सफाई अभियान
लोहरदगा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), लोहरदगा में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। संस्थान के निदेशक सुरेश भगत के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में श्रमदान कर साफ-सफाई की।
अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया गया। इस दौरान कचरे के उचित निपटान तथा सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक, अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षणार्थियों समेत उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता की शपथ ली। सभी ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का उचित निपटान करने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
निदेशक सुरेश भगत ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। स्वच्छ भारत अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता और नियमित स्वच्छता व्यवहार जरूरी है।
कार्यक्रम में आरसेटी के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।