सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : सांसद सुखदेव भगत
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। सांसद सुखदेव भगत की अध्यक्षता में जिला परिषद सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में हो रही बढ़ोतरी, अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की भूमिका समेत कई अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
शहर में स्पीड ब्रेकर, साइनेंज और स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश
सांसद ने शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए संवेदनशील स्थानों पर स्पीड ब्रेकर और साइनेंज लगाने का निर्देश जिला परिवहन पदाधिकारी को दिया। जिन इलाकों में पर्याप्त रोशनी नहीं है, वहां स्ट्रीट लाइट लगवाने का निर्देश नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को दिया गया।
विद्यालयों में यातायात जागरूकता अभियान चलाने पर जोर
सांसद ने परिवहन और शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि स्कूलों और कॉलेजों में नियमित रूप से यातायात नियमों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को भी जागरूक किया जाए ताकि छात्र-छात्राएं मोटरसाइकिल या स्कूटी लेकर विद्यालय न आएं।
पर्व-त्योहारों में दुर्घटनाओं की आशंका, सतर्क रहने के निर्देश
समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि नववर्ष और अन्य पर्व-त्योहारों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। सांसद ने दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों को सजग रहने का निर्देश दिया। घायलों को त्वरित इलाज मिले, इसके लिए एंबुलेंस सेवा की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने और स्वास्थ्य विभाग को संवेदनशील रहने को कहा गया।
वाहनों की फिटनेस जांच और ड्रंक ड्राइव पर सख्ती
मोटर वाहन निरीक्षक को वाहनों की फिटनेस जांच सख्ती से करने और मोटरयान अधिनियम का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। हिंडाल्को प्रबंधन को बॉक्साइट ट्रक चालकों द्वारा नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित कराने को कहा गया। पुलिस विभाग को शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच कर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
चौक-चौराहों को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि शहर के चौक-चौराहों पर अवैध पार्किंग, सड़कों और फुटपाथों पर सब्जी विक्रय सहित अन्य अतिक्रमण को नोटिस देकर हटाया जाए। मैना बगीचा में चिन्हित स्थान पर ही सब्जी बिक्री सुनिश्चित करने और वहां बड़ी गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लगाने को कहा गया।
बॉक्साइट ट्रकों की तेज रफ्तार पर लगे अंकुश
बैठक में बॉक्साइट ट्रकों द्वारा तेज गति से वाहन चलाने की समस्या पर चिंता जताई गई और इसे नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
ट्रैफिक थाना स्थापना को लेकर पत्राचार के निर्देश
सांसद ने पुलिस अधीक्षक को शहर में ट्रैफिक थाना स्थापना के लिए मुख्यालय स्तर पर आवश्यक पत्राचार करने का निर्देश दिया।
ड्रंक ड्राइव और मॉडिफाइड वाहनों पर कार्रवाई
उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने जिला परिवहन पदाधिकारी को ड्रंक ड्राइव अभियान चलाने और मॉडिफाइड वाहनों पर जुर्माना लगाने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी जया शंखी, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, सांसद के निजी सचिव आलोक साहू, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग, जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य एवं सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
