Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में रामचरितमानस पाठ को लेकर समिति ने कसी कमर, सदस्यों को सौंपी गई जिम्मेदारियां कलश यात्रा से लेकर पंडाल, पूजा सामग्री, प्रसाद और मीडिया व्यवस्था तक बनी कार्ययोजना

By Team orangehindi

Special
लोहरदगा में रामचरितमानस पाठ को लेकर समिति ने कसी कमर, सदस्यों को सौंपी गई जिम्मेदारियां  कलश यात्रा से लेकर पंडाल, पूजा सामग्री, प्रसाद और मीडिया व्यवस्था तक बनी कार्ययोजना

लोहरदगा। गुदरी बाजार स्थित श्री ठाकुरवाड़ी मंदिर परिसर में रामचरितमानस पाठ समिति की बैठक अध्यक्ष अशोक पोद्दार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी रामचरितमानस पाठ एवं धार्मिक कार्यक्रमों को व्यवस्थित और भव्य रूप से आयोजित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक की शुरुआत पिछले वर्ष दुर्गा पूजा नवरात्र के अवसर पर आयोजित रामचरितमानस पाठ एवं श्रीमद्भागवत कथा कार्यक्रम की समीक्षा से हुई। समिति के महासचिव अजय कुमार मित्तल ने पिछले आयोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी सदस्यों के समक्ष रखी। उपस्थित सदस्यों ने विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए आगामी कार्यक्रम में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की कार्ययोजना तैयार की।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समिति की ओर से विभिन्न विभागों का दायित्व सदस्यों के बीच बांटा गया। सभी जिम्मेदार सदस्यों से अपने-अपने कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने और समय पर तैयारियां पूरी करने का आग्रह किया गया।

समिति के वरिष्ठ कार्यकर्ता मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि रामचरितमानस पाठ के लिए व्यास के रूप में इंद्र शंकर झा सहित अन्य ब्राह्मणों के आगमन की सूचना प्राप्त हुई है। उनके समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचने की जानकारी दी गई। उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था की जिम्मेदारी भी वरिष्ठ सदस्यों को सौंपी गई।

बैठक में कार्यक्रम स्थल की सजावट, पंडाल, पूजन सामग्री, ध्वनि विस्तारक यंत्र, प्रकाश व्यवस्था, प्रसाद, पेयजल और धन संग्रह समेत अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गईं।

कलश स्थापना के दिन पावरगंज स्थित देवी मंदिर से भव्य कलश यात्रा सह शोभायात्रा निकालने को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। समिति के वरिष्ठ सदस्यों से सनातन धर्मावलंबियों के साथ समन्वय स्थापित कर कलश यात्रा को व्यापक और व्यवस्थित स्वरूप देने का आग्रह किया गया।

प्रेस एवं मीडिया से संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी रामचंद्र गिरि को सौंपी गई। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियां सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग का भरोसा दिलाया।

बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी ओम प्रकाश सिंह, अशोक पोद्दार, अजय मित्तल, मुरलीधर अग्रवाल, संजय बर्मन, परमेश्वर साहू, मोहन दुबे, मोहन दास लाल, मोहन केसरी, ओमप्रकाश कास्यकार, आनंद पांडे, सुनील अग्रवाल, रामचंद्र गिरि, धनेश्वर महतो, जय गोविंद प्रसाद, अशोक कास्यकार, बसंत कुमार साहू, उपेंद्र कुमार, संजय कुमार, निशु चौधरी, रूपेश कुमार, प्रमोद प्रजापति सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं सनातन प्रेमी उपस्थित रहे।

और पढ़ें