Orange hindi lohardaga live

सेन्हा प्रखंड में महिला व्यवहार परिवर्तन और घरेलू वायु प्रदूषण कम करने हेतु सामुदायिक बैठक आयोजित

By Team Lohardaga live

General
महिलाओं को व्यवहार परिवर्तन की जानकारी देती होप की मैनेजिंग ट्रस्टी

लोहरदगा। होप और असर संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को लोहरदगा जिले के सेन्हा प्रखंड अंतर्गत झलजमीरा पंचायत के दतरी ग्राम स्थित अखाड़ा में एक दिवसीय पंचायत स्तरीय सामुदायिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले के विभिन्न प्रखंडों में महिलाओं के व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा देना और घरेलू वायु प्रदूषण को कम करना था। बैठक का संचालन आरती और ममता मेहता ने किया। उन्होंने बताया कि महिलाओं के व्यवहार परिवर्तन और घरेलू वायु प्रदूषण को कम करने के लिए पूरे वर्ष विभिन्न खेल और गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। यह अभियान जिले के चार प्रखंडों की 13 पंचायतों में महिलाओं को सहभागी बनाकर उन्हें सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक करने पर केंद्रित है।

बैठक में तीन समूहों के माध्यम से महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। समूह वार्ता 1 में खेल खेल में आपसी बातचीत पर सरिता उरांव और सुनीता देवी ने विस्तार से जानकारी दी। समूह वार्ता 2 में निर्मला दीदी की समझदारी और अनुभव पर सुनीता उरांव ने प्रकाश डाला। समूह वार्ता 3 में बिलचो बाडा और सुधा उरांव ने अपने अनुभव साझा करते हुए उपस्थित महिलाओं को प्रेरित किया। प्रतिभा कुजूर और अमिता उरांव ने भी बताया कि कैसे उन्होंने समूह से जुड़कर और समय पर बैठकों में भाग लेकर दीदियों द्वारा सुझाए गए उपायों को अपनाया और अपने परिवार तथा पड़ोसियों को घरेलू वायु प्रदूषण से बचाया।

बैठक में सहिया ललिता देवी, आंगनवाड़ी सेविका शशि सुबेला मिंज और ग्राम प्रधान रामदेव पाहन उपस्थित रहे और उन्होंने अपने विचार साझा किए। होप संस्था की मैनेजिंग ट्रस्टी मनोरमा एक्का ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रयास साल भर चल रहे कार्य को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जिले के 4 प्रखंडों की 13 पंचायतों में निरंतर जारी रहेगा। आज के कार्यक्रम में आरती रजक, ममता मेहता, मंजू प्रजापति, सबिता महली, विष्णु महली, अंजू उरांव, पूनम महतो, अरविंद वर्मा और उज्ज्वल कुशवाहा ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह सामुदायिक बैठक महिलाओं को सशक्त बनाने और घरेलू वायु प्रदूषण से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रभावी कदम मानी जा रही है।