Orange hindi lohardaga live

कुजरा पंचायत में महिलाओं के व्यवहार परिवर्तन और घरेलू वायु प्रदूषण पर सामुदायिक बैठक आयोजित

By Team Lohardaga live

social
बैठक को संबोधित करती होप की मैनेजिंग ट्रस्टी

लोहरदगा। होप और असर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को लोहरदगा प्रखंड के कुजरा पंचायत अंतर्गत लोहरा टोली स्थित अखड़ा में एक दिवसीय पंचायत स्तरीय सामुदायिक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में व्यवहारगत परिवर्तन लाना और घरेलू वायु प्रदूषण को कम करने के तरीकों पर समुदाय को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में परियोजना से जुड़े वर्षभर चलने वाले गतिविधि-आधारित प्रशिक्षण और खेलों के माध्यम से जागरूकता फैलाने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक का संचालन सुमन वर्मा और विष्णु महली ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने बताया कि जिले के चार प्रखंडों के 13 पंचायतों में परदना दीदियों के नेतृत्व में यह कार्य लगातार चल रहा है।

समूह आधारित चर्चा सत्र में तीन अलग-अलग समूह शामिल थे। समूह वार्ता 1 का संचालन कलावती महतो और विष्णु महली ने किया। समूह वार्ता 2 की जिम्मेदारी नीलम उरांव ने संभाली, जबकि समूह वार्ता 3 का संचालन प्रियंका उरांव ने किया। तीनों सत्रों में प्रतिभागियों को घरेलू वायु प्रदूषण के कारण, इसके दुष्प्रभाव और इससे बचाव के लिए जरूरी व्यवहारगत बदलावों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

इस दौरान कांति गोप और सुनीता देवी ने अपनी सफल कहानियाँ साझा कीं, जिनमें उन्होंने बताया कि कैसे जागरूकता कार्यक्रमों से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।

बैठक में आंगनवाड़ी सहायिका मुन्नी देवी, सेविका ललिता देवी, बसंती देवी, सहिया रबिका खातून और कलिमन खातून भी उपस्थित रहीं और उन्होंने भी अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए होप संस्था की मैनेजिंग ट्रस्टी मनोरमा एक्का ने कहा कि यह पहल समुदाय तक जागरूकता फैलाने का व्यापक प्रयास है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा चलाया जा रहा यह कार्यक्रम लोहरदगा के चार प्रखंडों और 13 पंचायतों में लगातार संचालित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक परिवार सुरक्षित और स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सुमन वर्मा, विष्णु महली, मनोरमा एक्का, अरविंद वर्मा, आरती रजक और उज्ज्वल कुशवाहा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।