Orange hindi lohardaga live

डिजिटल क्रॉप सर्वे शीघ्र पूर्ण करें, रबी फसल बीज वितरण पर रखें सख्त निगरानी : उपायुक्त

By Team Lohardaga live

Administrative
बैठक करते उपायुक्त व अन्य अधिकारी

किसानों को समय पर मिले मृदा जांच रिपोर्ट, योजनाओं का लाभ हर कृषक तक पहुंचे

लोहरदगा। रबी फसल की तैयारी को लेकर उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने मंगलवार को कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि रबी फसल बीज वितरण में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने कहा कि जो लैम्प्स और पैक्स समितियां बीज वितरण करना चाहती हैं, वे अपना ड्राफ्ट समय पर लगाएं और सभी 66 लैम्प्स को सक्रिय किया जाए। साथ ही, बीज वितरण की पूरी मॉनिटरिंग हो और बुआई की स्थिति की पुष्टि अवश्य की जाए।

उन्होंने जोर दिया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य जल्द पूरा किया जाए, और मिलेट मिशन से जुड़े किसानों का सत्यापन शीघ्र कराया जाए। उपायुक्त ने कहा कि मृदा स्वास्थ्य जांच की रिपोर्ट किसानों को समय पर मिले, ताकि वे अपनी मिट्टी के अनुरूप फसल का चयन कर सकें।

डॉ. ताराचंद ने कहा कि एग्रीक्लिनिक केंद्रों में निर्धारित सभी सेवाएं उपलब्ध हों तथा खाद, उर्वरक और बीज दुकानों की नियमित जांच व हाट-बाजारों में अवैध रूप से कीटनाशक बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई करें।

उपायुक्त ने कृषि अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे किसानों के बीच जाकर उनकी समस्याएं जानें, फसलों में होने वाली बीमारियों की जानकारी समय पर दें और टपक सिंचाई योजनाओं को जल्द स्वीकृति दिलाकर कार्य प्रारंभ कराएं।

बैठक के दौरान जिला उद्यान पदाधिकारी को ओल एवं पपीता उत्पादन के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।

वहीं जिला सहकारिता पदाधिकारी को कहा गया कि रबी मौसम में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का अधिकतम अच्छादन सुनिश्चित करें।

साथ ही, जिला मत्स्य पदाधिकारी को छूटे हुए तालाबों की बंदोबस्ती कर मत्स्य पालन को बढ़ावा देने का निर्देश दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, जिला कृषि पदाधिकारी कालेन खलखो, जिला सहकारिता पदाधिकारी विजय तिर्की, जिला गव्य विकास पदाधिकारी वशिष्ठ सिंह, जिला पशुपालन पदाधिकारी रमेश उरांव, जिला उद्यान पदाधिकारी सौरभ लोहानी, भूमि संरक्षण पदाधिकारी मोहितोष पांडेय, जिला मत्स्य पदाधिकारी प्रीसेती भार्गवी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।