पथ निर्माण और मरम्मत योजनाओं को वित्तीय वर्ष में ही पूरा करें: डॉ. ताराचंद
By Team Lohardaga live

जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने दिए निर्देश, लंबित योजनाओं पर तेजी लाने पर जोर
लोहरदगा। उपायुक्त डॉ. ताराचंद की अध्यक्षता में मंगलवार को विभिन्न विभागों की पथ निर्माण एवं मरम्मत से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि चल रही सभी सड़क योजनाओं को इसी वित्तीय वर्ष में हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां मरम्मत की आवश्यकता है, वहां प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजे जाएँ और पूर्ण हो चुकी योजनाओं का भुगतान त्वरित रूप से सुनिश्चित किया जाए।
दोहराव रोकने और सड़क मानचित्र ऑनलाइन उपलब्ध कराने का निर्देश
उपायुक्त ने योजनाओं के चयन में विशेष ध्यान रखते हुए कहा कि किसी भी नए प्रस्ताव में दूसरे विभाग की योजना से डुप्लीकेसी नहीं होनी चाहिए। साथ ही पूरे जिले के विभिन्न विभागों के पथों का डिजिटल मानचित्र तैयार कर गूगल पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि सड़क योजनाओं की स्थिति पारदर्शी और सुगम रूप से देखी जा सके।
प्रमुख योजनाओं की विस्तृत समीक्षा
बैठक में ग्रामीण कार्य विशेष प्रमंडल, ग्रामीण कार्य प्रमंडल के अंतर्गत पीएमजीएसवाई, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण, पीएम जनमन सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
एनएचएआई से जुड़े भूमि अधिग्रहण के मामलों, राष्ट्रीय राजमार्ग के तहत कुडू–घाघरा मार्ग पर जोगना में उच्च स्तरीय पुल निर्माण की स्थिति तथा पथ प्रमंडल लोहरदगा की नदिया–ईरगांव सड़क योजना की भी समीक्षा की गई। सभी विभागों को कार्य में तेजी लाने और समयसीमा का कड़ाई से पालन करने को कहा गया।
उपायुक्त ने राष्ट्रीय उच्च पथ और पथ प्रमंडल को नगर क्षेत्र में स्थित सड़कों की तकनीकी जांच भी करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सुजाता कुजूर, विभिन्न विभागों के कार्यपालक और कनीय अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
