कंप्यूटर आधुनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा: डॉ. ताराचंद
By Teem Lohardaga live

विश्व कंप्यूटर साक्षरता दिवस पर छात्र-छात्राओं से की मुलाकात
लोहरदगा। विश्व कंप्यूटर साक्षरता दिवस के अवसर पर उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया और वहाँ अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में कंप्यूटर के बिना जीवन और कार्य-प्रणाली की कल्पना करना मुश्किल है। लगभग हर क्षेत्र, सरकारी विभाग, कॉरपोरेट सेक्टर, शिक्षा, उद्योग सभी में कंप्यूटर अनिवार्य हो चुका है।
उपायुक्त ने कहा कि जिन्होंने कंप्यूटर शिक्षा को चुना है, वे अपना भविष्य मजबूत बना रहे हैं, क्योंकि अधिकतर विभागों में दस्तावेज़ों का डिजिटाइजेशन और रोजमर्रा के काम कंप्यूटर आधारित हो चुके हैं।
युवाओं के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण ने बढ़ाई संभावनाएँ
डॉ. ताराचंद ने बताया कि वर्ष 2023 में जिला प्रशासन ने लोहरदगा के युवाओं के लिए निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया था, जो काफी सफल रहा है। लगातार बड़ी संख्या में विद्यार्थी इससे जुड़ रहे हैं और बेसिक कंप्यूटर कोर्स पूरा कर रोजगार के नए अवसर तलाश रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा होमी जे. भाभा कोचिंग सेंटर के माध्यम से मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी भी पूरी तरह निःशुल्क कराई जा रही है। इसके अलावा 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए गणित, विज्ञान और अंग्रेजी की नियमित ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था उपलब्ध है।
शिक्षा को मजबूत करने के लिए व्यापक पहल
उपायुक्त ने बताया कि प्रखंड पुस्तकालयों में विद्यार्थियों के अध्ययन हेतु उपयोगी पुस्तकों की व्यवस्था की गई है। पंचायत ज्ञान केंद्रों में भी बच्चों के लिए अध्ययन सामग्री और सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन शिक्षा के हर स्तर पर बच्चों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, कंप्यूटर प्रशिक्षक सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
