जेएच हर्बो शाइन में राष्ट्रभक्ति और उपलब्धियों का संगम
By Team Lohardaga live

77वें गणतंत्र दिवस पर अचीवर्स को मिली कार की चाबी, सांसद ने किया सम्मानित
लोहरदगा। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ढोढ़ा टोली स्थित जेएच हर्बो शाइन कार्यालय प्रांगण देशभक्ति और उत्साह के रंग में सराबोर नजर आया। मौके पर झंडोत्तोलन सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जहां लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशप्रेम की भावना से गूंज उठा।
झंडोत्तोलन के बाद आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम में उन कर्मियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। जेएच हर्बो शाइन के चार अचीवर्स अब्दुल रशीद, सुनीता देवी, कुद्दुस अंसारी और सराफत असदकी को सांसद सुखदेव भगत द्वारा क्रेटा और मारुति वाहन की चाबी सौंपी गई। इसके अलावा अन्य कर्मियों को भी उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण से अर्जित सफलता ही वास्तविक उपलब्धि होती है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति आत्मनिर्भर और सक्षम बनता है, तब समाज और राष्ट्र भी सशक्त बनते हैं। गणतंत्र दिवस जैसे गौरवशाली अवसर पर ऐसे कर्मियों का सम्मान दूसरों के लिए भी प्रेरणा है।
सांसद ने जेएच हर्बो शाइन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी आयुर्वेदिक दवाओं और प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीना आज की सबसे बड़ी जरूरत है और आयुर्वेद इस दिशा में एक सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम में कंपनी के डायरेक्टर इम्तियाज अहमद और सीएमडी डॉ. एस. अहमद की गरिमामयी उपस्थिति रही। डॉ. एस. अहमद ने अपने संबोधन में आयुर्वेद, जड़ी-बूटियों और प्राकृतिक जीवनशैली की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि असंतुलित दिनचर्या और खान-पान के कारण हृदय रोग सहित कई बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, जिनसे बचाव में आयुर्वेद और संतुलित जीवनशैली अहम भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मैनेजर इश्तियाक अहमद ने की, जबकि संचालन जीशान अकरम ने किया। मौके पर सांसद के पीए आलोक साहू, सांसद प्रतिनिधि साजिद अहमद चंगू, झामुमो नेत्री नीरू शांति भगत, सुधु भगत, मोहिबुल्लाह अंसारी, कंपनी के सीए नेसार अहमद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति, कंपनी लीडर्स और कर्मचारी उपस्थित रहे।



