कथा व्यास का साफा पहनाकर अभिनंदन, भक्ति में डूबा गुदरी बाजार
By Team orangehindi

मुंद्रिका बैंक्वेट में भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, धार्मिक झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
लोहरदगा। गुदरी बाजार स्थित मुंद्रिका बैंक्वेट में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दौरान कथा व्यास पूज्य अच्युत प्रपन्नाचार्य महाराज का आयोजक समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं ने भव्य अभिनंदन किया। जय प्रकाश शर्मा और सुनील अग्रवाल ने महाराज को पारंपरिक साफा पहनाया। वहीं, राजीव रंजन और राजन मेहता ने शॉल ओढ़ाकर स्मृति चिह्न भेंट किया।
इस मौके पर जय प्रकाश शर्मा ने कहा कि महाराज के प्रवचन और भजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भागवत महापुराण के आध्यात्मिक संदेशों की जानकारी मिल रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मकता और धार्मिक चेतना का संचार होता है।
सुनील अग्रवाल ने बताया कि कथा में महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी हो रही है। प्रतिदिन प्रस्तुत की जा रही धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई हैं। अब तक शिव-पार्वती विवाह, वामन अवतार, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और बाल लीला की झांकियां प्रस्तुत की जा चुकी हैं। आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी।
कथा व्यास अच्युत प्रपन्नाचार्य महाराज ने कहा कि सम्मान किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि व्यास पीठ और सनातन संस्कृति का होता है। श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन को सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम में पंडित श्री राम बालक जी के प्रवचन भी हुए। मुख्य आयोजक समिति के जय गोविंद, अशोक कांस्यकर, प्रमोद अग्रवाल, नरेंद्र मित्तल, मनीष राजगढ़िया, मुरली अग्रवाल, सुनील मेहता, संजय शर्मा, संजय अग्रवाल, कंचन कांस्यकर और सोनू भगत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा के समापन पर महाआरती की गई और प्रसाद वितरित किया गया।