Orange hindi lohardaga live

नीट पेपर लीक पर कांग्रेस का हमला, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

By Team Lohardaga live

political
A

सांसद सुखदेव भगत बोले— छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करे केंद्र सरकार

लोहरदगा। नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध तेज कर दिया है। लोहरदगा के कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग करते हुए कहा कि परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने में सरकार विफल रही है।

सांसद ने कहा कि कांग्रेस लगातार छात्रों के अधिकारों और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की मांग उठाती रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही अनियमितताओं से करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और सरकार इस गंभीर विषय पर प्रभावी कदम उठाने में असफल रही है।

सुखदेव भगत ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी परीक्षा प्रणाली में सुधार और पेपर लीक के मुद्दे को लगातार उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा।

उन्होंने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और आत्महत्या की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। सांसद ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।

सांसद ने कहा कि शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए और सरकार को ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए जिससे भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को संसद और जनता के बीच लगातार उठाती रहेगी।