विश्व आदिवासी दिवस की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, लोहरदगा में रणनीति तय
By Team Lohardaga live

जिला कार्यकारिणी की बैठक में संचालन समिति का गठन, 9 अगस्त के आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का लिया संकल्प
लोहरदगा। आगामी 9 अगस्त को मनाए जाने वाले विश्व आदिवासी दिवस की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमिटी, लोहरदगा की जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने की। बैठक में कार्यक्रम को भव्य, ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई तथा संचालन समिति का गठन कर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, अस्मिता और अधिकारों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस अवसर को पूरे सम्मान, अनुशासन और एकजुटता के साथ मनाना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आदिवासी, दलित, पिछड़े, किसान, मजदूर और समाज के अंतिम व्यक्ति के अधिकारों की आवाज उठाती रही है तथा आगे भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में सभी अग्रणी संगठनों के जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रमों और विश्व आदिवासी दिवस की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर कार्यक्रम को जनभागीदारी का स्वरूप देने की अपील की गई।
बैठक में प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, जिला उपाध्यक्ष मोहन दुबे, जिला महासचिव सलीम अंसारी, नूर अहमद, सानियरों उरांव, रबिन्द्र सिंह खेरवार, संतोषी उरांव, सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उरांव, प्रखंड अध्यक्ष जुगल भगत, सत्यदेव भगत, यूनुस अंसारी, अनीश अहमद, नगर अध्यक्ष आरिफ हुसैन, मंडल अध्यक्ष महताब आलम, रामदेव उरांव, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मोज्जमील अंसारी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष दानिश अली, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हरी भगत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया कि 9 अगस्त को आयोजित होने वाला विश्व आदिवासी दिवस लोहरदगा में संगठन की एकजुटता, आदिवासी सम्मान, सामाजिक न्याय और जनभागीदारी का ऐतिहासिक आयोजन बनेगा तथा प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता इसकी सफलता के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।