Orange hindi lohardaga live

राजेन्द्र भवन में कांग्रेस ने हर्षोल्लास के साथ मनाया पेसा उत्सव

By Team Lohardaga live

political
पेसा उत्सव मनाते सांसद व अन्य कांग्रेसी

पेसा नियमावली–2025 की स्वीकृति को बताया ऐतिहासिक, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व की सराहना

लोहरदगा। झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार एवं जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष सुखैर भगत के नेतृत्व में गुरुवार को कार्यालय राजेन्द्र भवन में पेसा उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया।

गत 23 दिसम्बर 2025 को गठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में “झारखण्ड पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्र) नियमावली–2025 (पेसा नियमावली)” को स्वीकृति प्रदान की गई। इस निर्णय को ग्राम स्वराज, जनभागीदारी एवं आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों को सशक्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया गया।

इस उपलब्धि के लिए जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों के प्रति बधाई एवं आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने एक-दूसरे को लड्डू व मिठाइयाँ खिलाकर तथा पटाखे फोड़कर खुशी व्यक्त की और पूरे उत्साह के साथ पेसा उत्सव मनाया।

सांसद सुखदेव भगत ने अपने संबोधन में कहा कि पेसा कानून के माध्यम से ग्राम सभाओं को वास्तविक अधिकार प्राप्त होंगे, जिससे जल-जंगल-जमीन की रक्षा, स्थानीय स्वशासन और सामाजिक न्याय को मजबूती मिलेगी। उन्होंने इसे आदिवासी एवं ग्रामीण समाज के आत्मसम्मान और स्वायत्तता का प्रतीक बताया।

जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि पेसा कानून आदिवासी समाज के हक-अधिकार, स्वशासन और निर्णय-शक्ति को संवैधानिक संरक्षण देता है। यह कानून ग्राम सभा को सशक्त बनाकर अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक अधिकार पहुँचाने का माध्यम बनेगा।

कार्यक्रम का समापन “पेसा कानून जिंदाबाद” एवं “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” के नारों के साथ हुआ, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और जनहित के संकल्प से भर गया।

कार्यक्रम में सांसद सुखदेव भगत, जिलाध्यक्ष सुखैर भगत, प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, पूर्व जिला महासचिव मोहन दुबे, शाहिद अहमद बेलू, सांसद निजी सहायक आलोक साहू, जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उराँव, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मोज्जमिल अंसारी, पवन गौतम, सनियारो उराँव, प्रखण्ड अध्यक्ष जुगल भगत, तनवीर गौहर, सत्यदेव भगत, नगर अध्यक्ष आरिफ हुसैन, सेवादल जिलाध्यक्ष शम्भू प्रजापति, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष मनौवर आलम, महिला जिलाध्यक्ष सीमा परवीन, यूथ जिलाध्यक्ष दानिश अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।