Orange hindi lohardaga live

छात्रों की गूंज अभियान के तहत कांग्रेस ने छात्रों से किया संवाद

By Team Lohardaga live

political
A

पेपर लीक, भर्ती में देरी, छात्रवृत्ति और रोजगार के मुद्दों पर विद्यार्थियों ने रखी अपनी बात

लोहरदगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी, लोहरदगा के तत्वावधान में बलदेव साहू महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत छात्र संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखैर भगत ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनना, शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना तथा उनके सुझावों को उचित मंच तक पहुंचाना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी डॉ. सीरिबेल्ला प्रसाद ने कहा कि देश के युवाओं और विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित एवं सशक्त बनाना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को सुनकर उन्हें उचित मंच तक पहुंचाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने पेपर लीक, परीक्षा संबंधी अनियमितताओं, रिक्त पदों पर नियुक्ति में देरी और रोजगार के सीमित अवसरों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस छात्रों की आवाज को लगातार उठाती रहेगी और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

संवाद कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में आने वाली कठिनाइयों, छात्रवृत्ति वितरण, उच्च शिक्षा, रोजगार के अवसर, भर्ती प्रक्रिया में विलंब तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार से जुड़े सुझाव साझा किए। कांग्रेस नेताओं ने आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों की बातों और सुझावों को संबंधित मंचों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम के बाद प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों से भी संवाद किया गया, जिसमें अभियान की रूपरेखा और छात्रों से प्राप्त सुझावों की जानकारी साझा की गई।

इस अवसर पर प्रदेश महासचिव डॉ. अजय नाथ सहदेव, प्रदेश महासचिव एवं अग्रणी मोर्चा प्रभारी बलजीत सिंह बेदी, प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, युवा कांग्रेस प्रदेश अनुशासन समिति अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव, जिला महासचिव शाहिद अहमद बेलू, पवन गौतम, सलीम अंसारी, सदरुल अंसारी, संतोषी उरांव, जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उरांव, सचिव दीपक ठाकुर, प्रखंड अध्यक्ष जुगल भगत, तनवीर गौहर, अनिल उरांव, बुधदेव उरांव, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष मोज्जमील अंसारी, सोनू कुरैशी, प्रदेश युवा महासचिव विशाल डूंगडूंग, जिला युवा अध्यक्ष दानिश अली, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हरी भगत, पूर्व जिला अध्यक्ष मनौवर आलम सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।