Orange hindi lohardaga live

छत्तीसगढ़ में संगठन सुदृढ़ीकरण की रणनीति पर सुखदेव भगत से कांग्रेस नेताओं की मुलाकात

By Team orangehindi

political
छत्तीसगढ़ में संगठन सुदृढ़ीकरण की रणनीति पर सुखदेव भगत से कांग्रेस नेताओं की मुलाकात

27 सितंबर को प्रभारी बनने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ दौरे पर जाएंगे लोहरदगा सांसद, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर हुई चर्चा

लोहरदगा। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी एवं लोहरदगा लोकसभा सांसद सुखदेव भगत से शनिवार को नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने मुलाकात की। नेताओं ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया और छत्तीसगढ़ जैसे महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं। प्रभारी बनने के बाद सुखदेव भगत 27 सितंबर को पहली बार छत्तीसगढ़ के दौरे पर जाएंगे।

मुलाकात में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राज्यसभा सांसद मलकीत सिंह गैदू, पूर्व मंत्री एवं प्रभारी महामंत्री उमेश पटेल, पूर्व एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता फूलो देवी समेत अन्य नेता शामिल रहे।

बैठक में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जिला एवं प्रखंड इकाइयों को सक्रिय करने तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। संगठन में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व देने के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श किया गया।

नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों-मजदूरों के मुद्दे तथा जल-जंगल-जमीन से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति पर भी चर्चा की।

सुखदेव भगत ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सभी कांग्रेसजन एक परिवार की तरह हैं। संगठन को गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की महत्वपूर्ण ताकत हैं और उनके सम्मान एवं मनोबल को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के अनुरूप छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत करने की बात कही।

और पढ़ें