गांधी जयंती पर दिल्ली में कांग्रेस का मार्च, सुखदेव भगत ने CEC के इस्तीफे की मांग उठाई
By Team orangehindi

जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार पर लगाए आरोप, बैरिकेडिंग और प्रदर्शन की अनुमति को लेकर भी साधा निशाना
नई दिल्ली। गांधी जयंती के अवसर पर लोकतांत्रिक अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस एवं INDIA गठबंधन के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोहरदगा के सांसद सह छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने केंद्र सरकार पर मुख्य चुनाव आयुक्त को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश और दुनिया को सत्य एवं अहिंसा का मार्ग दिखाया था। कांग्रेस इसी अहिंसक और संवैधानिक तरीके से लोकतंत्र से जुड़े सवालों पर अपनी असहमति दर्ज करा रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें।
भगत ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त का बचाव कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। इससे पहले भी भगत विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा चुके हैं।
उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान बैरिकेडिंग किए जाने और विभिन्न विपक्षी संगठनों के कार्यक्रमों को अनुमति नहीं दिए जाने का भी आरोप लगाया। भगत ने कहा कि असहमति लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और कांग्रेस संवैधानिक दायरे में रहकर अपनी बात रख रही है।
मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य द्वारा ज्ञानेश कुमार के लिए पद्म भूषण की मांग किए जाने की खबर भी सामने आई है। इस बयान को लेकर विपक्षी नेताओं ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी है
भगत ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और जवाबदेही से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना विरोध आगे भी जारी रखेगी।