कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने राजस्थान में संगठन सृजन को लेकर किया दौरा
By Team Lohardaga Live

जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को मिलेगा दायित्व
लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा सांसद सुखदेव भगत राजस्थान के एआईसीसी पर्यवेक्षक के रूप में राज्य के दौरे पर हैं। अपने दौरे के दूसरे दिन, उन्होंने ब्यावर जिला के विभिन्न प्रखंडों का दौरा किया और कार्यकर्ताओं से बातचीत की। इस दौरान उनका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुखदेव भगत ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की बातों को गंभीरता से लेते हुए आलाकमान तक पहुंचाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि आम कार्यकर्ता की बात आलाकमान तक पहुंच सके, इसके लिए पारदर्शी तरीके से पैनल तैयार किया जाएगा, जिसमें 6 लोगों का नाम शामिल होगा।
सुखदेव भगत ने कहा कि जमीनी स्तर पर मजबूत कार्यकर्ता और लोकतांत्रिक नेतृत्व क्षमता व स्वीकार्यता वाली प्रतिभा को ही दायित्व मिलेगा। इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी और संगठन सृजन में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को लेकर गंभीर है और इसको लेकर कांग्रेस मजबूती से काम कर रही है।
