कांग्रेस संगठन सृजन अभियान: लोहरदगा जिला अध्यक्ष को राष्ट्रीय नेतृत्व से विशेष भेंट का मिला आमंत्रण
By Team Lohardaga live

10 फरवरी को दिल्ली में होगा संगठनात्मक संवाद, खड़गे और राहुल गांधी देंगे मार्गदर्शन

लोहरदगा। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा संगठन सृजन अभियान के तहत जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटियों को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नवनियुक्त जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए अनिवार्य प्रशिक्षण एवं संगठनात्मक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
एआईसीसी की ओर से जारी पत्र के अनुसार यह कार्यक्रम 10 फरवरी को नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन, कोटला मार्ग में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति रहेगी, जो जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों को संगठन मजबूत करने, बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त करने तथा जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने को लेकर मार्गदर्शन देंगे।
इसी कड़ी में लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सुखैर भगत को भी 10 फरवरी को राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा विशेष भेंट एवं महत्वपूर्ण संगठनात्मक वार्तालाप के लिए आमंत्रित किया गया है। यह आमंत्रण लोहरदगा जिला कांग्रेस संगठन के लिए गौरव, सम्मान एवं हर्ष का विषय माना जा रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह आमंत्रण संगठन के प्रति समर्पण, निष्ठा और निरंतर संघर्ष का प्रतिफल है, जो जिले के कांग्रेसजनों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। इस अवसर को लेकर लोहरदगा जिला कांग्रेस परिवार में उत्साह का माहौल है और कार्यकर्ता संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की बात कह रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इस प्रशिक्षण सह संवाद कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और तमिलनाडु राज्यों के जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष भाग लेंगे।
