Orange hindi lohardaga live

जन संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन कुडू प्रखंड में कांग्रेस ने जनता से किया सीधा संवाद

By Team Lohardaga live

political
जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते सांसद

लोहरदगा। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार लोहरदगा जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में 24 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे से कुडू प्रखंड मुख्यालय में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुखैर भगत ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए ठोस पहल करना था।

कार्यक्रम में स्थानीय जनसमस्याओं, मनरेगा बचाओ अभियान, GPCC गठन, पेसा अधिनियम तथा BLA-2 जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण जनता, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं।

पेसा कानून से ग्राम स्वशासन को मिलेगी मजबूती

सांसद सुखदेव भगत ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड में पेसा कानून का लागू होना आदिवासी समाज और ग्राम स्वशासन के लिए ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि इस कानून से ग्राम सभाओं को वास्तविक अधिकार मिलेंगे और जल-जंगल-जमीन की रक्षा और मजबूत होगी। पेसा कानून आदिवासी समाज की संस्कृति और परंपराओं को संवैधानिक संरक्षण प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही पेसा कानून के पक्ष में रही है और इसके सही क्रियान्वयन के लिए जनजागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पेसा कानून की जानकारी देने की अपील की।

मनरेगा को कमजोर कर रही है केंद्र सरकार

विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर करने का काम कर रही है। लगातार बजट में कटौती कर गरीबों से रोजगार छीना जा रहा है। मनरेगा मजदूरों को समय पर मजदूरी नहीं मिल रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मजदूरों की आवाज दबाना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा को मजबूत करने के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी।

ग्राम पंचायत कांग्रेस कमिटी संगठन की रीढ़

जिला अध्यक्ष सुखैर भगत ने ग्राम पंचायत कांग्रेस कमिटी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत गांव स्तर से आती है। ग्राम पंचायत कांग्रेस कमिटी को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी एकता बनाए रखने, अनुशासन और समर्पण के साथ संगठन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम जनता की आवाज है और जिला कांग्रेस हर कार्यकर्ता के साथ खड़ी है।

BLA-2 की भूमिका पर दिया गया प्रशिक्षण

BLA मास्टर ट्रेनर विशाल डूंगडूंग ने प्रखंड से आए सभी BLA-2 को उनके दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में BLA-2 की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना उनका मुख्य दायित्व है। उन्होंने घर-घर जाकर सही जानकारी एकत्र करने और किसी भी गड़बड़ी की तुरंत रिपोर्ट करने की अपील की।

कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में सुखदेव भगत, डॉ. रामेश्वर उरांव, सुखैर भगत, विशाल डूंगडूंग, प्रकाश उरांव, ऐनुल अंसारी, संतोष महतो, आलोक साहू, वारिश कुरैशी, निशीथ जसवाल, हाजी सदरुल अंसारी, युवा जिला अध्यक्ष दानिश अली, प्रखंड अध्यक्ष तनवीर गौहर, मंडल अध्यक्ष सुशील उरांव, विकास नाथ सहदेव, नंदकिशोर शुक्ला, कमरुल इस्लाम, अल्ताफ अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित थे।

कार्यक्रम का समापन संगठनात्मक एकता को मजबूत करने और जनसंघर्ष को और तेज करने के संकल्प के साथ किया गया।