कांग्रेस ने मीडिया टीम सशक्त करने को टैलेंट हंट अभियान शुरू किया
By Team Lohardaga live

चयन प्रक्रिया से होंगे प्रवक्ता, 5 दिसंबर तक स्वीकार किए जाएंगे आवेदन
लोहरदगा। अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी ने राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर पर अपनी मीडिया टीम को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘नेशनल मीडिया टैलेंट हंट’ अभियान की शुरुआत की है। पार्टी अब प्रवक्ता, पैनलिस्ट और समन्वयकों की नियुक्ति एक निर्धारित चयन प्रक्रिया के तहत करेगी। झारखंड में यह अभियान 27 नवंबर से 5 दिसंबर तक चलेगा।
अभियान की जानकारी देने के लिए कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र भवन, लोहरदगा में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। दक्षिणी छोटानागपुर के लिए नियुक्त कांग्रेस कॉर्डिनेटर लाल किशोर नाथ शहदेव और चैतु उरांव ने बताया कि पहले प्रवक्ता किसी भी नेता या मंत्री की सिफारिश से नियुक्त हो जाते थे, लेकिन अब यह प्रक्रिया पूरी तरह चयन आधारित होगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद आवेदक को किसी कांग्रेस सांसद या जिलाध्यक्ष की अनुशंसा प्राप्त कर ऑफलाइन हार्ड कॉपी भी जमा करनी होगी।
नेताओं ने बताया कि इस टैलेंट हंट का उद्देश्य नए, सक्षम और मीडिया-प्रशिक्षित युवाओं को अवसर प्रदान करना है, ताकि पार्टी के संदेश और नीतियों का प्रभावी प्रसार हो सके। साथ ही भविष्य में टीवी डिबेट, सोशल मीडिया और अन्य मंचों पर पार्टी का सशक्त प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जा सके।
