अनुशासनहीनता के आरोप में कांग्रेस ने दो नेताओं को किया निलंबित
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के दौरान पार्टी निर्देशों की अवहेलना और प्रतिद्वंद्वी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने लोहरदगा में बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। जिला कांग्रेस कमिटी लोहरदगा ने दो अलग-अलग मामलों में पार्टी के दो नेताओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष सुखैर भगत द्वारा जारी आदेश के अनुसार, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशों के बावजूद नगर निकाय चुनाव में पार्टी लाइन के विरुद्ध गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप में विशाल डुंगडुंग को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया गया है। पार्टी की ओर से बताया गया कि उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और गतिविधियों में सुधार नहीं होने के कारण यह कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में एक अन्य आदेश में सतीश रंजन उरांव को भी पार्टी अनुशासन के उल्लंघन के आरोप में निलंबित किया गया है। पार्टी का कहना है कि शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में उम्मीदवार चयन और समर्थन को लेकर जारी स्पष्ट निर्देशों के बावजूद उनके द्वारा पार्टी नीति के विपरीत गतिविधियां जारी रखी गईं। नोटिस के बाद भी जवाब और आचरण में सुधार नहीं होने पर जिला कांग्रेस कमिटी ने यह कदम उठाया।
जिला कांग्रेस कमिटी ने स्पष्ट किया है कि संगठनात्मक अनुशासन सर्वोपरि है और चुनाव के दौरान पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी निर्देशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
