जिला व प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करेगी कांग्रेस, छात्रों के मुद्दों पर आंदोलन का ऐलान
By Team Lohardaga live

'गूंज अभियान' के तहत कांग्रेस का छात्र संवाद, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज करने की घोषणा
लोहरदगा। जिले के बीएस कॉलेज सभागार में कांग्रेस पार्टी की ओर से 'गूंज अभियान' के तहत छात्र संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड कांग्रेस की सह प्रभारी बेला प्रसाद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखैर भगत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था, छात्रों की समस्याओं और हाल के राष्ट्रीय घटनाक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के पश्चात प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए झारखंड कांग्रेस की सह प्रभारी बेला प्रसाद ने केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि देश में छात्रों का भविष्य असुरक्षित होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस पार्टी जल्द ही जिला एवं प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन आयोजित करेगी। इस आंदोलन के माध्यम से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी।
बेला प्रसाद ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई की भी आलोचना करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग उचित नहीं है।
उन्होंने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के समीप राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक जारी रखेगी।
