Orange hindi lohardaga live

राहुल गांधी के 56वें जन्मदिन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया उत्सव, केक काटकर दी शुभकामनाएं

By Team Lohardaga live

political
A

लोहरदगा में कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के नेतृत्व, संघर्ष और जनसेवा को बताया प्रेरणादायी

लोहरदगा। जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र भवन में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी का 56वां जन्मदिन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने केक काटकर एक-दूसरे को खिलाया तथा राहुल गांधी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल राजनीतिक जीवन की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद ने कहा कि राहुल गांधी देश के करोड़ों युवाओं, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों की उम्मीद एवं विश्वास के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हमेशा लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। उनका जनहितकारी और संघर्षशील नेतृत्व देश को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में देश उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में देखेगा।

जिला उपाध्यक्ष मोहन दुबे ने कहा कि राहुल गांधी सादगी, संघर्ष और जनसेवा की मिसाल हैं। उन्होंने देश की एकता, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए लगातार आवाज बुलंद की है। उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी आम जनता की आकांक्षाओं को मजबूती से आगे बढ़ा रही है तथा उनका समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उरांव ने कहा कि राहुल गांधी वर्तमान दौर में सत्य, साहस और जनसरोकार की राजनीति के मजबूत प्रतीक हैं। जनता के बीच लगातार संवाद स्थापित करने की उनकी कार्यशैली युवाओं को नई ऊर्जा प्रदान करती है तथा उनका जीवन लोकतंत्र और संविधान के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का संदेश देता है।

इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष सत्यदेव भगत, तनवीर गौहर, जिला सेवादल अध्यक्ष शंभू प्रजापति, संगीता उरांव, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष मुनीम अंसारी, रुस्तम अंसारी, राजू कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।