Orange hindi lohardaga live

लोकतंत्र की रक्षा के लिए SIR अभियान में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता, हर बूथ पर रहेगी नजर : आलोक दूबे

By Team Lohardaga live

political
A

30 जून से शुरू हो रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में बीएलओ-2 और बीएलए को सक्रिय रहने का निर्देश, किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं छूटने देने पर जोर

लोहरदगा। 30 जून से शुरू हो रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह लोहरदगा जिला प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर के पदाधिकारियों से पूरी सक्रियता के साथ अभियान में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह केवल मतदाता सूची का पुनरीक्षण नहीं, बल्कि लोकतंत्र और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा का महत्वपूर्ण अभियान है।

आलोक कुमार दूबे ने बताया कि 30 जून को पूर्वाह्न 11 बजे से 12:30 बजे तक प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलए और विभिन्न राजनीतिक दलों की बैठक होगी। उन्होंने सभी बीएलओ-2 को इस बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और अभियान की पूरी प्रक्रिया पर नजर रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि बीएलओ-2 की जिम्मेदारी होगी कि मतदाता सूची में दर्ज प्रत्येक व्यक्ति तक गणना प्रपत्र पहुंचे, मतदाता उसे सही तरीके से भरें, समय पर जमा करें तथा सभी प्रपत्र निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन अपलोड किए जाएं। किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए।

दूबे ने बताया कि लोहरदगा जिले में वर्तमान में 2 लाख 93 हजार 871 मतदाता पंजीकृत हैं। 15 जून तक जिले में 91 प्रतिशत मतदाता मैपिंग पूरी हो चुकी है, जो पूरे राज्य में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कार्यकर्ताओं और संगठन की सक्रियता का परिणाम है।

उन्होंने संगठनात्मक मजबूती का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले की 66 ग्राम पंचायत कांग्रेस कमिटियों में 12-सदस्यीय समितियों का गठन सबसे पहले पूरा किया गया। साथ ही सभी 428 बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति भी समय से पहले पूरी कर ली गई, जिससे संगठन की बूथ स्तर तक मजबूत पकड़ दिखाई देती है।

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मतदाता का अधिकार है। इसलिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना आवश्यक है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न हो। उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।