Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, महंगाई को बताया जनविरोधी नीति का परिणाम

By Team Lohardaga live

political
विरोध प्रदर्शन करते कांग्रेसी

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान

लोहरदगा। केंद्र सरकार एवं पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में मंगलवार को लोहरदगा जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से शिवप्रसाद पेट्रोल पम्प, पावरगंज में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए महंगाई पर नियंत्रण की मांग की।

कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, अग्रणी संगठनों के प्रतिनिधि, प्रखंड एवं नगर अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई तथा सेवादल के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि देश की जनता लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान है, लेकिन केंद्र सरकार आम लोगों की समस्याओं से पूरी तरह बेपरवाह बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि होने से गरीब, मजदूर, किसान, छात्र एवं मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है, जबकि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है।

प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से अच्छे दिनों का वादा किया था, लेकिन आज हर वर्ग महंगाई के बोझ तले दब चुका है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से खाद्य पदार्थों समेत रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की कीमतों में भी लगातार वृद्धि हो रही है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करती रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “महंगाई की मार, नहीं सहेंगे यार”, “पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम वापस लो” तथा “जनविरोधी भाजपा सरकार होश में आओ” जैसे नारे लगाए।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष सुखैर भगत, प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, नूर महम्मद, जिला महासचिव सदरुल अंसारी, जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उरांव, मुस्ताक अहमद, बीएलए मास्टर ट्रेनर संदीप कुमार गुप्ता, संगीता उरांव, प्रखंड अध्यक्ष जुगल भगत, तनवीर गौहर, सत्यदेव भगत, यूनुस अंसारी, अनिल उरांव, नगर अध्यक्ष आरिफ हुसैन, युवा जिलाध्यक्ष दानिश अली, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष मनौवर आलम, सेवादल जिलाध्यक्ष शम्भू प्रजापति, मंडल अध्यक्ष महताब आलम, हामीद अंसारी, रामदेव उरांव, किशोर साहू, ठाकुर प्रसाद, रुस्तम अंसारी, अनीमा कुजूर, तारिक अनवर, जावेद खान, मुराद अली, मांझ अंसारी, परमेश्वर उरांव, परवेज आलम, खुद्दी मांझी, अर्जुन सिंह खेरवार सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।