धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेसियों ने मनाया जश्न
By Team Lohardaga live

राजेंद्र भवन में बांटी मिठाई, पावरगंज चौक पर पटाखे फोड़कर जताई खुशी
लोहरदगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शनिवार को जिला कांग्रेस कमिटी लोहरदगा के तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र भवन में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की गई, जबकि पावरगंज चौक पर पटाखे फोड़कर और नारेबाजी करते हुए इसे छात्रों और युवाओं के संघर्ष की जीत बताया गया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह देशभर के करोड़ों विद्यार्थियों, युवाओं और उनके अभिभावकों की आवाज की जीत है। उनका कहना था कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में लगातार उठाए गए मुद्दों और जनदबाव के कारण केंद्र सरकार को आखिरकार निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को लंबे समय तक अनसुना नहीं किया जा सकता।
'जनता के संघर्ष के आगे सत्ता को झुकना पड़ा'
जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि हाल के वर्षों में सामने आए परीक्षा घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं ने देश के युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। कांग्रेस पार्टी ने इन मुद्दों को सड़क से लेकर संसद तक लगातार उठाया और विद्यार्थियों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा इस बात का प्रमाण है कि जनता के संघर्ष के आगे सत्ता को झुकना पड़ता है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस भविष्य में भी युवाओं के हितों और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
'देश का युवा अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक'
प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद ने कहा कि देश का युवा अब अपने अधिकारों के प्रति पूरी तरह जागरूक है और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने से पीछे हटने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। उनके अनुसार यह जीत उन सभी विद्यार्थियों को समर्पित है जिन्होंने अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष मोहन दुबे, जिला महासचिव शाहिद अहमद बेलू, पवन गौतम, सदरुल अंसारी, रविन्द्र सिंह खेरवार, जिला प्रवक्ता मुस्ताक अहमद, नूर अहमद, जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उरांव, प्रखंड अध्यक्ष तनवीर गौहर, सत्यदेव भगत, नगर अध्यक्ष आरिफ हुसैन, युवा प्रदेश महासचिव इमरान आज़ाद, विशाल डूंगडूंग, संजर अंसारी, प्रदेश अल्पसंख्यक सचिव हाजी सिकंदर, माले नेता महेश सांवरिया, सवाहरत हुसैन, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मोज्जमिल अंसारी, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला संयोजक संदीप गुप्ता, ओबीसी स्टेट कोऑर्डिनेटर संतोष महतो, संगीता उरांव, सुशीला देवी, सांसद स्वास्थ्य प्रतिनिधि सोनू कुरैशी, राजू कुरैशी, सहादत हुसैन, तारिक अनवर, इमरोज अंसारी, अल्ताफ अंसारी, अब्बू रेहान, आफताब अंसारी, सेराज अंसारी, सरीफ अंसारी, रेहान अख्तर, माज अंसारी, परवेज अंसारी, असलम अंसारी, मुसनीफ खान, अयाज अहमद लड्डन, रहमत अंसारी, गोल्डेन कुरैशी, कल्लू एजेंट, महेश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।