सुखदेव भगत के छत्तीसगढ़ प्रभारी बनने पर कांग्रेसियों ने किया अभिनंदन, संगठन मजबूती पर जोर
By Team orangehindi

राजेंद्र भवन में स्वागत समारोह के बाद जिला कांग्रेस की मासिक बैठक, एसआईआर की समीक्षा और 26 सितंबर के लोक भवन मार्च की तैयारियों पर चर्चा
लोहरदगा। लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमिटी का प्रभारी बनाए जाने पर शनिवार को जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से राजेंद्र भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में अभिनंदन एवं स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने की। मौके पर लोकसभा प्रभारी अशोक चौधरी और लोकसभा सह प्रभारी विजय खां मौजूद रहे। कांग्रेस ने हाल ही में सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ का प्रभारी नियुक्त किया है।
जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने सांसद सुखदेव भगत को गुलदस्ता, शॉल और माला भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद प्रखंड, नगर, मंडल, पंचायत एवं अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए सुखदेव भगत ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया जाएगा। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर उन्होंने जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की अपील की।
लोकसभा प्रभारी अशोक चौधरी ने कहा कि सुखदेव भगत को नई जिम्मेदारी मिलना संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। लोकसभा सह प्रभारी विजय खां ने भी कार्यकर्ताओं से सक्रियता और समर्पण के साथ पार्टी कार्यक्रमों में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
स्वागत समारोह के बाद जिला कांग्रेस कमिटी की मासिक बैठक हुई। इसमें प्रखंडवार संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा की गई। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित कार्यों की जानकारी प्रखंड अध्यक्षों से ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में 26 सितंबर को एमएमडीआर संशोधन और चंदा चोरी के मुद्दों को लेकर कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित लोक भवन मार्च की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। प्रदेश कांग्रेस की ओर से 26 सितंबर को इस मुद्दे पर मार्च की घोषणा की गई है।
बैठक में जिला, प्रखंड, नगर और पंचायत स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई। मौके पर वारिस कुरैशी, शाहिद अहमद, मोहन दुबे, सलीम बड़े अंसारी, संदीप गुप्ता, आलोक साहू, मोजम्मिल अंसारी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।