SIR अभियान में कांग्रेस के BLA-2 की भूमिका होगी अहम, 30 जून को सभी बूथों पर होगी संयुक्त बैठक
By Team Lohardaga live

मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर पेशरार में कांग्रेस की बैठक, प्रशिक्षण और पहचान पत्र देने की भी घोषणा
लोहरदगा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पेशरार प्रखंड में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की रणनीति, BLA-2 की जिम्मेदारियों तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं लोहरदगा जिला प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू के मार्गदर्शन में पार्टी के BLA-2 लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करना कांग्रेस कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत 30 जून से 29 जुलाई तक गणना अवधि निर्धारित की गई है। इस दौरान आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ स्तर अधिकारी (BLO) एवं राजनीतिक दलों के अधिकृत BLA-2 के साथ नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी।
आलोक कुमार दूबे ने बताया कि 30 जून को पूर्वाह्न 11 बजे से 12:30 बजे तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर BLO एवं BLA-2 की संयुक्त बैठक होगी। उन्होंने कांग्रेस के सभी BLA-2 से इस बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील करते हुए कहा कि वे मतदाताओं को आवेदन प्रपत्र भरने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने तथा निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं में सहयोग प्रदान करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि SIR अभियान के दूसरे चरण को प्रभावी बनाने के लिए जल्द ही जिले के सभी कांग्रेस BLA-2 का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची पुनरीक्षण और मतदाताओं की सहायता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सभी BLA-2 को पहचान पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे बूथ स्तर अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बना सकें। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता पेशरार प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धदेव उरांव ने की।
इस अवसर पर प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, जिला उपाध्यक्ष मोहन दुबे, मोमिन अंसारी, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रविंद्र सिंह खेरवार, विनोद सिंह खेरवार, जिला परिषद सदस्य रुबी देवी सहित प्रखंड पदाधिकारी, पंचायत अध्यक्ष, BLA-2 एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
