Orange hindi lohardaga live

नीट समेत विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, सांसद सुखदेव भगत भी हुए शामिल

By Team Lohardaga live

political
A

प्रधानमंत्री आवास के समीप केंद्र सरकार के खिलाफ किया विरोध-प्रदर्शन, छात्रों और किसानों के मुद्दे उठाए

नई दिल्ली/लोहरदगा। नीट परीक्षा से जुड़े मामलों, बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के समीप विरोध-प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में देशभर से पहुंचे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत भी शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

इस अवसर पर सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ियों ने लाखों छात्रों के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रही है और आगे भी सड़क से लेकर संसद तक जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य, किसानों के हितों और आम लोगों से जुड़े सवालों पर सरकार को जवाबदेह होना चाहिए तथा जनहित के मुद्दों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।