किस्को में कांग्रेस का जन संवाद कार्यक्रम आयोजित
By Team Lohardaga live

पेसा अधिनियम, मनरेगा बचाओ अभियान और BLA-2 प्रशिक्षण पर हुआ विस्तार से संवाद
लोहरदगा। झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार लोहरदगा जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में मंगलवार को प्रखण्ड किस्को मुख्यालय परिसर में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुखैर भगत ने की। यह कार्यक्रम चार सत्रों में संपन्न हुआ, जिसमें पेसा अधिनियम, मनरेगा बचाओ अभियान, GPCC की भूमिका तथा BLA-2 प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में AICC सचिव सह प्रभारी झारखण्ड प्रदेश डॉ. बेला प्रसाद एवं प्रदेश महासचिव सह जिला पर्यवेक्षक डॉ. राजेश कुमार गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन प्रखण्ड अध्यक्ष यूनुस अंसारी के सहयोग से संपन्न हुआ।
अपने संबोधन में डॉ. बेला प्रसाद ने कहा कि पेसा अधिनियम, मनरेगा, GPCC की भूमिका और BLA-2 प्रशिक्षण एक-दूसरे से जुड़े हुए विषय हैं। पेसा अधिनियम आदिवासी एवं ग्रामीण समाज को स्वशासन का अधिकार देता है। मनरेगा गरीबों के लिए आर्थिक सुरक्षा का आधार है। GPCC संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करती है और BLA-2 प्रशिक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित और संविधान की रक्षा के लिए संघर्षरत रही है तथा जनता से संवाद ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
प्रदेश महासचिव डॉ. राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण भारत के लिए संजीवनी सिद्ध हुआ है। यह कानून लाखों परिवारों को रोजगार और सम्मानजनक जीवन प्रदान करता है। केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा बजट में की जा रही कटौती इसके अस्तित्व को कमजोर करने का प्रयास है, जिसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि मनरेगा को बचाने के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
जिला अध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि झारखण्ड में पेसा अधिनियम का लागू होना ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह कानून ग्राम सभा को अधिकार सम्पन्न बनाता है तथा आदिवासी समाज की परंपरा, संस्कृति और जल-जंगल-जमीन की रक्षा सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि पेसा अधिनियम का सही और ईमानदार क्रियान्वयन ही इसका वास्तविक उद्देश्य है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने जनता को पेसा कानून के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
BLA मास्टर ट्रेनर संदीप कुमार गुप्ता ने आगामी SIR को लेकर कांग्रेस के BLA साथियों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने मतदाता सूची की शुद्धता एवं संगठनात्मक जिम्मेदारियों के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण प्रखण्ड अध्यक्ष यूनुस अंसारी ने दिया, जबकि समापन संबोधन BLA मास्टर ट्रेनर विशाल डूंगड़ूंग ने किया।
कार्यक्रम में स्टेट को-ऑर्डिनेटर संजय कुमार, प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उराँव, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रीना कुमारी भगत, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मोज्जमिल अंसारी, NSUI जिलाध्यक्ष मनौवर आलम, प्रखण्ड सांसद प्रतिनिधि दयानन्द उराँव, प्रखण्ड अध्यक्ष तनवीर गौहर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
