मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस की रणनीति बैठक, कार्यकर्ताओं को घर-घर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश
By Team Lohardaga live

SIR प्रक्रिया में पात्र मतदाताओं का नाम सुरक्षित रखने और दस्तावेज सत्यापन में सहयोग पर जोर
लोहरदगा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर शनिवार को जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से राजेंद्र भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में विशेष बैठक आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष सुखैर भगत की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुनरीक्षण प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सुझाव लिए गए तथा अभियान को प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत, विधायक डॉ. रामेश्वर उराँव तथा जिला प्रभारी आलोक कुमार दुबे मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस दौरान प्रखंड, मंडल और पंचायत स्तर के पदाधिकारियों ने SIR प्रक्रिया के दौरान सामने आ रही चुनौतियों और मतदाताओं की समस्याओं से नेतृत्व को अवगत कराया।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज रहे, इसके लिए जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोगों को आवश्यक दस्तावेजों और पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी देने का आह्वान किया। सांसद ने आशंका जताते हुए कहा कि यदि प्रक्रिया को गंभीरता से नहीं लिया गया तो कई पात्र मतदाताओं के नाम सूची से छूट सकते हैं, जिससे उन्हें मतदान के अधिकार के प्रयोग में कठिनाई हो सकती है।
विधायक डॉ. रामेश्वर उराँव ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि भविष्य में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने तथा पुनरीक्षण कार्य में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर वोट महत्वपूर्ण है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से बाहर नहीं रहना चाहिए।
जिला प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने पुनरीक्षण प्रक्रिया में आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देते हुए कहा कि पहचान और निवास संबंधी प्रमाण पत्रों का समय पर सत्यापन जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोगों को दस्तावेज तैयार रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी कराने में मदद करने को कहा।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान अनमैप मतदाताओं की मैपिंग में यदि BLA-2 कार्यकर्ताओं को किसी प्रकार की समस्या आती है तो जिला कांग्रेस कमिटी हर संभव सहयोग करेगी। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने और अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल कराने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, जिला उपाध्यक्ष मोहन दुबे, महासचिव शाहिद अहमद, सलीम अंसारी, पवन गौतम, सदरुल अंसारी, सानियरों उराँव, सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उराँव, जिला सचिव दीपक ठाकुर, जिला प्रवक्ता प्रदीप विश्वकर्मा, संदीप कुमार गुप्ता, संतोष महतो, विशाल डूंगडूंग, दानिश अली, मोज्जमील अंसारी सहित जिला, प्रखंड, मंडल और पंचायत स्तर के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
