लोहरदगा के मिशन चौक में श्री राम दरबार मंदिर निर्माण का शुभारंभ, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ भूमि पूजन
By Team Lohardaga live

निशा उरांव ने किया भूमि पूजन, कहा— भगवान श्रीराम समर्पण, मर्यादा और त्याग के आदर्श रोहित उरांव बोले— श्री राम दरबार मंदिर बनेगा लोहरदगा की नई धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान
लोहरदगा। नगर के मिशन चौक में प्रस्तावित भव्य श्री राम दरबार मंदिर निर्माण का शुभारंभ गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के वातावरण में भूमि पूजन के साथ किया गया। श्री राम दरबार न्यास के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया। भूमि पूजन से पूर्व मंदिर निर्माण हेतु पूजित शिला का नगर भ्रमण कराया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजनीय आचार्य रामसेवक पाठक, देवेंद्र पाठक एवं परमानंद मिश्र ने भूमि पूजन संपन्न कराया। इसके साथ ही मंदिर निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि झारखंड की अतिरिक्त आयकर आयुक्त निशा उरांव तथा युवा नेता एवं समाजसेवी रोहित उरांव ने भूमि पूजन कर मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी। पारंपरिक वाद्य यंत्रों और पुष्पगुच्छ के साथ दोनों अतिथियों का स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में निशा उरांव ने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति, मर्यादा, समर्पण और त्याग के सर्वोच्च आदर्श हैं। उन्होंने कहा कि श्री राम दरबार मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं होगा, बल्कि यह नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, संस्कार और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने मंदिर निर्माण में समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक भागीदारी से ही ऐसे जनहितकारी कार्य सफल होते हैं।
युवा नेता एवं समाजसेवी रोहित उरांव ने कहा कि मिशन चौक में बनने वाला श्री राम दरबार मंदिर लोहरदगा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देगा। उन्होंने कहा कि यह मंदिर पूजा-अर्चना के साथ-साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बनेगा और समाज में एकता, सहयोग एवं सद्भाव को मजबूत करेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. रामेश्वर उरांव के प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का निर्माण समाज को जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मंदिर भविष्य में क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा और लोहरदगा की पहचान को नई दिशा देगा।
श्री राम दरबार न्यास के अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने बताया कि मंदिर का निर्माण चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पुनीत कार्य में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यह मंदिर जनसहयोग का प्रतीक बन सके।
भूमि पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान जय श्रीराम के उद्घोष और भक्ति गीतों से वातावरण गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम में श्री राम दरबार न्यास के सचिव विनय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रोहित कुमार, मनोज जायसवाल, दीपक जायसवाल, नवीन जायसवाल, पंकज महतो, रोहित साहू, राकेश सिन्हा, नीरज जायसवाल, उमेश जायसवाल, चंदन गोयल, सुनील जायसवाल, निश्चय वर्मा, सुनील अग्रवाल, प्रवीण जायसवाल, अरविंद जायसवाल, विशाल डुंगडुंग, पहलवान सिंह, दीपक साहू, संजय अग्रवाल, सचिन कुमार, राकेश सिंघल, उज्ज्वल बंसल, आलोक मित्तल, ओम केसरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी उपस्थित थे।
