गणपति नगर में श्री सिद्धि विनायक मंदिर का निर्माण कार्य पुनः शुरू
By Team orangehindi


11 ईंट रखकर हुआ शुभारंभ, श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील
लोहरदगा। गणपति नगर स्थित पूर्व मेनका सिनेमा के समीप श्री सिद्धि विनायक मंदिर निर्माण कार्य बुधवार को पुनः प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने निर्माण स्थल पर 11 ईंट रखकर मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
बताया गया कि मंदिर निर्माण के लिए पिछले वर्ष भूमि पूजन एवं शिलान्यास के बाद नींव पूजन कर पिलिंथ पर कॉलम खड़ा किया गया था। नक्शा अंतिम रूप से तैयार नहीं होने के कारण निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका था। अब निर्माण कार्य को पुनः गति देने की पहल की गई है।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में लालमोहन केशरी, दीपक साहू, संदीप पोद्दार, मनीष पोद्दार, आशीष पोद्दार, डॉ. गुप्ता, संदीप सिंह, रूबी ठाकुर, निलेश बर्मन, दिनेश मोदक, रुचिर कुमार, सुबोध साहू, विक्रम दास, कृष्ण मुरारी एवं पियूष केशरी सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मंदिर निर्माण कार्य में ईंट रखकर सहयोग और सहभागिता का संकल्प लिया।
मंदिर निर्माण से जुड़े लोगों ने बताया कि इच्छुक श्रद्धालु अपनी आस्था एवं सामर्थ्य के अनुसार एक ईंट और एक रुपये से लेकर अपनी इच्छानुसार आर्थिक सहयोग कर सकते हैं। मंदिर निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए सभी सनातनी बंधुओं से तन, मन और धन से सहयोग की अपील की गई है।
मंदिर निर्माण को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के लिए जल्द ही श्री सिद्धि विनायक मंदिर संचालन समिति, लोहरदगा का गठन किया जाएगा। समिति के गठन एवं अन्य जानकारी सार्वजनिक रूप से साझा की जाएगी। मंदिर का प्रस्तावित प्रारूप गणेश चतुर्थी के अवसर पर जारी किया जा चुका है।