जिला स्तरीय कुकिंग कॉम्पिटिशन में रसोइयों ने दिखाया हुनर, नवाड़ीपाड़ा विद्यालय प्रथम, चट्टी भंडरा द्वितीय
By Teem Lohardaga live

लोहरदगा। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत शनिवार को जिला शिक्षा अधीक्षक लोहरदगा के नेतृत्व में कस्तूरबा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय बालिका, लोहरदगा में जिला स्तरीय कुकिंग कॉम्पिटिशन 2025-26 का सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता झारखण्ड राज्य मध्याह्न भोजन प्राधिकरण, रांची के निदेशानुसार संपन्न हुई।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ. राजू कच्छप, जिला पंचायती राज पदाधिकारी अंजना दास, जिला शिक्षा पदाधिकारी सुनंदा दास चंद्रमौलेश्वर, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मोनीदीपा बनर्जी तथा प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी राजीव रंजन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रसोइयों ने सीमित संसाधनों में दिखाई पाक कला
प्रतियोगिता में जिले के सभी सात प्रखंडों की रसोइया सह सहायिकाओं ने सीमित संसाधनों में पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन तैयार कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य रसोइयों में गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार करने की दक्षता बढ़ाना, मोटा अनाज जैसे रागी, मडुवा, कोदो, गोंदली, सावा आदि के उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा मध्याह्न भोजन योजना के प्रति नवाचार की भावना को बढ़ावा देना था।
11 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, निर्णायक मंडल ने की सराहना
प्रखण्ड स्तर पर चयनित कुल 11 प्रतिभागियों ने जिला स्तर पर अपने व्यंजन प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल में परियोजना निदेशक आईटीडीए, मुख्य असैनिक एवं शल्य चिकित्सा पदाधिकारी (सिविल सर्जन), जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी तथा विद्यालय बाल संसद के प्रधानमंत्री, स्वच्छता मंत्री और पोषण मंत्री शामिल थे।
विजेता विद्यालयों को मिला सम्मान
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पीएमश्री राजकीकृत मध्य विद्यालय, नवाड़ीपाड़ा, लोहरदगा की पुष्पा देवी और उनकी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीयकृत मध्य विद्यालय, चट्टी, भंडरा की रेणु देवी और टीम द्वितीय स्थान पर रहीं। विजेता टीम को 5000 रुपये, उपविजेता को 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि, मोमेंटो और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागी रसोइया सह सहायिकाओं को भी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर सपना सिंह, जीतेन्द्र मित्तल, कुंदन कुमार, अभिषेक भारती, यूसुफ अंसारी, राजेश देवघरिया, राकेश वर्मा, गौतम कुमार, शंकर लोहरा, निशा कुमारी, अनुपमा लकड़ा सहित जिला एमडीएम सेल के सदस्य, सभी प्रखण्डों के विद्यालयों के रसोइये और शिक्षा कर्मी उपस्थित रहे।
यह प्रतियोगिता न केवल रसोइयों की पाक कला को प्रोत्साहित करने का माध्यम बनी, बल्कि छात्रों के लिए पौष्टिक और संतुलित भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
