Orange hindi lohardaga live

आईटीआई प्रशिक्षणार्थियों को छात्रवृत्ति योजना से आच्छादित करें : उपायुक्त

By Team Lohardaga live

Administrative
A

श्रमिकों का निबंधन सुनिश्चित करें : उपायुक्त

लोहरदगा। उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, आईटीआई संस्थानों की प्रगति तथा श्रम विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त ने जिला नियोजन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले के सभी आईटीआई संस्थानों में अध्ययनरत प्रशिक्षणार्थियों को छात्रवृत्ति योजना से शत-प्रतिशत आच्छादित किया जाए तथा संस्थान स्तर से छात्रवृत्ति के लिए प्राप्त आवेदनों की समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र प्रशिक्षणार्थियों को योजना का लाभ बिना विलंब के मिल सके। उपायुक्त ने गत वर्षों में आईटीआई संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के प्लेसमेंट की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला नियोजन पदाधिकारी को विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों को आर्थिक सहायता के रूप में देय राशि के वितरण से संबंधित गत वर्षों का प्रतिवेदन निर्धारित प्रारूप में शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने श्रम अधीक्षक को लक्ष्य के अनुरूप श्रमिकों का निबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने इसके लिए सभी प्रखंडों में विशेष निबंधन शिविर आयोजित करने को कहा। जिन प्रखंडों में लेबर इंफोर्समेंट अफसर पदस्थापित नहीं हैं, वहां शिविरों के सफल संचालन हेतु अन्य प्रखंडों से लेबर इंफोर्समेंट अफसरों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश भी दिया। उपायुक्त ने श्रम अधीक्षक को सभी विभागों में लेबर सेस अधिनियम का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही न्यूनतम मजदूरी अधिनियम के अनुपालन के लिए किए गए निरीक्षण एवं छापेमारी के मामलों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस निर्गत कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश श्रम अधीक्षक को दिया। उपायुक्त ने कहा कि श्रमिकों का अधिकाधिक निबंधन, कौशल विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा श्रम कानूनों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी संबंधित पदाधिकारी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, जिला नियोजन पदाधिकारी नीरू कुमारी, श्रम अधीक्षक आंद्रेयास कुल्लू, सभी लेबर इंफोर्समेंट अफसर तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।