Orange hindi lohardaga live

मिलावटी खाद्य कारोबार पर शिकंजा, लोहरदगा में दुकानों और गोदामों पर छापेमारी

By Team orangehindi

General
मिलावटी खाद्य कारोबार पर शिकंजा, लोहरदगा में दुकानों और गोदामों पर छापेमारी

भ्रामक दावों से लेकर अखाद्य रंग और खराब मिठाई तक मिली गड़बड़ियां, विभाग ने उत्पाद हटाने और कारोबारियों पर कार्रवाई के दिए निर्देश

लोहरदगा। मिलावटी, अवमानक और भ्रामक लेबलिंग वाले खाद्य उत्पादों के खिलाफ लोहरदगा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), नई दिल्ली के निर्देश के आलोक में शहर के विभिन्न दुकानों, थोक प्रतिष्ठानों, वितरकों और गोदामों में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के साथ संबंधित दस्तावेजों और उत्पादों की लेबलिंग की भी जांच की गई।

अभियान के दौरान मेसर्स रिलायंस स्टोर, वी-मार्ट, मिशन चौक स्थित अग्रवाल नेटवर्क, विवेक स्टोर, अग्रवाल ट्रेडर्स, छतर बगीचा स्थित न्यू बदला इंटरप्राइजेज, अमृत एजेंसी सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। विभाग के अनुसार, रिलायंस रिटेल ने भ्रामक दावा करने वाले करीब एक दर्जन उत्पादों को अपने स्टोर से हटाया है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से भी संबंधित उत्पादों की सूची हटाए जाने की जानकारी विभाग को दी गई।

जांच में कुछ एनर्जी ड्रिंक का मिला भंडारण

जांच के दौरान न्यू बदला इंटरप्राइजेज और अशोक जनरल स्टोर में स्टींग एनर्जी ड्रिंक तथा अग्रवाल नेटवर्क के गोदाम में कैम्पा एनर्जी गोल्ड बूस्ट ड्रिंक का भंडारण पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को ऐसे उत्पादों को तत्काल हटाकर निर्माणकर्ता कंपनी को वापस करने का निर्देश दिया। अन्य कारोबारियों को भी जांच के दायरे में आने वाले उत्पादों की बिक्री रोकने के निर्देश दिए गए।

विभाग ने कहा कि गलत ब्रांडिंग, लेबलिंग या भ्रामक दावों के जरिए उपभोक्ताओं को गुमराह करना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई का आधार बन सकता है।

फफूंद लगी मिठाई मिली, मौके पर नष्ट कराया

राणा चौक स्थित ढ़ेला होटल की जांच के दौरान फफूंद लगी रसगुल्ले की बिक्री का मामला सामने आया। विभागीय टीम ने मिठाई को मौके पर नष्ट कराया और संचालक पर 1,000 रुपये का अर्थदंड लगाया। होटल प्रबंधन को साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रख-रखाव में सुधार के निर्देश दिए गए।

इसी तरह थाना चौक स्थित बाबा फास्ट फूड में खराब गुणवत्ता वाले रोल बेस के इस्तेमाल पर 500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। संचालक को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और भंडारण व्यवस्था बेहतर करने को कहा गया।

जलेबी में अखाद्य रंग की शिकायत की जांच

बगडू मोड़ स्थित राजस्थान जलेबी सेंटर में जलेबी निर्माण के दौरान अखाद्य रंग के इस्तेमाल की शिकायत की भी जांच की गई। विभाग के अनुसार रंगयुक्त चाशनी को मौके पर नष्ट कराया गया। खाद्य कारोबारियों को पर्व-त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का इस्तेमाल करने, खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण करने और स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी मौसम को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोइन अख्तर, विश्वनाथ गगराई और सहायक कर्मी रजनीश कुमार शामिल रहे।

और पढ़ें